सियोल, 10 अक्टूबर 2026 (छत्रपाल सिंह): दक्षिण कोरिया के डेगू शहर में एक शॉपिंग मॉल की छत का हिस्सा अचानक गिरने से कम से कम 36 लोग मामूली रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहत एवं बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इमारत में मौजूद करीब 70 अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
डेगू अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार सुबह 10:16 बजे छत गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
नौ घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से कम से कम नौ लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की तत्काल पुष्टि नहीं हुई थी। हालांकि, अधिकारियों ने आशंका जताई कि राहत एवं बचाव कार्य आगे बढ़ने के साथ घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है।
छत गिरने की वजह का पता नहीं चला
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शॉपिंग मॉल की छत का हिस्सा किन कारणों से गिरा। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की आवश्यकता होगी। उपलब्ध शुरुआती जानकारी में इमारत की संरचनात्मक स्थिति या छत गिरने के पीछे किसी तकनीकी खामी की पुष्टि नहीं की गई है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के कार्यालय ने बताया कि राष्ट्रपति ने संबंधित अधिकारियों को लोगों की जान बचाने और दुर्घटना से निपटने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना, इमारत में मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाना है।





