फतेहगढ़ साहिब, 10 अक्टूबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. जगदेव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से 13 अक्टूबर को अत्तेवाली में जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले का उद्देश्य किसानों को रबी की फसलों की खेती, पराली प्रबंधन, फसल विविधीकरण, जैविक खेती, तिलहन फसलों और मिट्टी की जांच सहित विभिन्न कृषि विषयों पर नवीनतम तकनीकी जानकारी उपलब्ध करवाना है।
मेले के दौरान विभिन्न विभागों के अंतर्गत चलाई जा रही सरकारी योजनाओं और किसानों को मिलने वाली सब्सिडी के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा, कृषि से संबंधित विभिन्न प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी, जिनके माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और नई जानकारियों से अवगत करवाया जाएगा।
डॉ. जगदेव सिंह ने बताया कि इस किसान मेले में विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, अमलोह के विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग और बस्सी पठाना के विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।





