कुरुक्षेत्र, 15 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली को जनभावनाओं के अनुरूप बनाना और आमजन की समस्याओं के समाधान को नई गति प्रदान करना है। जिला प्रशासन जनता के प्रति संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही की भावना से कार्य कर रहा है। समाधान शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन गए है, जिनसे नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास पहले से अधिक मजबूत हुआ है।
एडीसी पंकज सेतिया वीरवार को न्यू लघु सचिवालय के सभागार में जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी निवारण के उद्देश्य से आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याओं को सुनने के दौरान आमजन से संवाद कर रहे थे। इससे पहले एडीसी पंकज सेतिया ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को सुना और उनका समाधान करने के साथ-साथ लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता को वास्तविक राहत मिल सके। जिला में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह पहल नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का प्रभावी मंच प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों की न केवल तत्काल सुनवाई की जाती है, बल्कि उनके समाधान की सतत निगरानी भी की जा रही है, ताकि कोई भी शिकायत लंबित या उपेक्षित न रहे। समाधान शिविर में क्रिड, जनस्वास्थ्य विभाग, बिजली निगम, सोशल वेलफेयर, खंड विकास एवं पंचायत विभाग, शिक्षा, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, रेवेन्यू सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं को रखा गया। इनमें से अधिकतर समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया गया और शेष समस्याओं पर कार्रवाई करके प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। इस मौके पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विकास कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





