कुरुक्षेत्र, 16 अक्तूबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज के दिशानिर्देशानुसार राजकीय उच्च विद्यालय सुंदरपुर में पॉक्सो एक्ट (बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम, 2012) के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों एवं उद्देश्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानून के अंतर्गत उपलब्ध संरक्षण के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में बिना किसी भय के अपनी बात कहने तथा इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध नि:शुल्क कानूनी सहायता एवं अन्य विधिक सेवाओं की जानकारी भी दी गई। विद्यार्थियों को बच्चों एवं समाज के कमजोर वर्गों के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता और सहयोग तंत्र के बारे में बताया गया।
सीजेएम ने विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा पर ध्यान देने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया तथा महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी प्राप्त की।






