Thursday, November 5, 2026
HomeHaryanaमां भद्रकाली मंदिर परिसर में आयुष विभाग ने आयोजित किया नि:शुल्क चिकित्सा...

मां भद्रकाली मंदिर परिसर में आयुष विभाग ने आयोजित किया नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, श्रद्धालुओं को मिली स्वास्थ्य सेवाएं

कुरुक्षेत्र, 19 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा-निर्देशानुसार एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर परिसर में एक विशाल नि:शुल्क आयुष चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया था। इस शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे कुल  330 मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें उचित चिकित्सीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयां भी बिल्कुल मुफ्त वितरित की गईं।
चिकित्सा शिविर में जन-स्वास्थ्य के प्रति समर्पित आयुष टीम का विशेष योगदान रहा, जिसमें आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेनका, आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट सिम्मी, ए.वाई.एस. रोहताश, पंकज एवं बेबी रानी ने अपनी सराहनीय सेवाएं देकर शिविर को सफल बनाया।

शिविर में आए श्रद्धालुओं ने आयुष विभाग की इस जनहितैषी पहल का स्वागत किया और चिकित्सकों की पूरी टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा, नवरात्रि का पावन पर्व न केवल हमारी धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह समय संयम और शारीरिक शुद्धि के लिए भी उत्तम माना जाता है। हमारी प्राथमिकता यही रही कि दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में ही त्वरित और प्रभावकारी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। आयुर्वेद केवल बीमारियों के इलाज की पद्धति नहीं है, बल्कि यह हमें जीवन जीने का सही तरीका सिखाती है। शिविर के माध्यम से हमने श्रद्धालुओं को दिनचर्या, सही खान-पान और प्राकृतिक उपायों द्वारा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया है। भविष्य में भी आयुष विभाग ऐसे जन-कल्याणकारी आयोजनों के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments