सिडनी, 22 अक्टूबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित ग्लेनवुड गुरुद्वारा साहिब के बाबा बूढ़ा जी हॉल में पंजाबी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक दरबार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक साहित्य प्रेमियों ने भाग लिया, जबकि करीब 36 साहित्यकारों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। आयोजन निदेशक मखन सिंह हेयर के दिशा-निर्देशों में हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत बीबी परविंदर कौर ने गुरबाणी शबद से की। हरबंस सिंह मालवा, सुखविंदर कौर आही, लखविंदर सिंह रइया, कुलदीप सिंह जौहल, ज्ञानी संतोख सिंह सहित अन्य साहित्यकारों ने पंजाबी मातृभाषा, विरासत, नशे, सामाजिक बुराइयों और मानवीय मूल्यों पर रचनाएं सुनाईं। हास्य, लोकगीतों और धार्मिक रचनाओं ने भी श्रोताओं को आकर्षित किया।
डॉ. अवतार सिंह संघा ने ऑस्ट्रेलियाई साहित्यकार बैंजो पैटरसन के बारे में जानकारी साझा की। प्रो. सुखवंत सिंह गिल ने बताया कि केवल छह साहित्यकारों से शुरू हुई यह पहल अब व्यापक रूप ले चुकी है। कार्यक्रम में डॉ. संघा का जन्मदिन भी मनाया गया। समापन पर अगले महीने के पहले बुधवार को फिर मिलने का निर्णय लिया गया।






