जर्मनी, 23 अक्टूबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): लोकप्रिय ऑनलाइन गेम ‘स्टिक रन’ के निर्माता और जर्मन कंटेंट क्रिएटर मार्क-मैनुअल अलेक्जेंडर ओटो का 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। गेम की आधिकारिक टीम ने 21 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर उनके निधन की पुष्टि करते हुए शोक व्यक्त किया।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 20 अक्टूबर को बवेरिया के ब्राइटब्रुन क्षेत्र में एक आवास में आग लगने की घटना हुई थी। इस घटना और ओटो की लाइवस्ट्रीम के बीच संबंध की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, पुलिस ने मृतक की पहचान की अंतिम पुष्टि और घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की थी।
ओटो ने वर्ष 2010 में महज 14 साल की उम्र में ‘स्टिक रन’ गेम बनाया था। इसमें खिलाड़ी एक स्टिक-फिगर किरदार को नियंत्रित करते हुए बाधाओं से बचते हैं और अंक जुटाते हैं। बाद में यह गेम फेसबुक से आगे बढ़कर मोबाइल प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध हुआ।
घटना के बाद लाइवस्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ट्विच ने उनका चैनल और संबंधित वीडियो हटा दिया। गेम की टीम ने प्रशंसकों से अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने और परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की।






