Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaजब हर नागरिक कहेगा कि देश के लिए मेरा भी योगदान है,...

जब हर नागरिक कहेगा कि देश के लिए मेरा भी योगदान है, तब भारत की तरक्की को कोई नहीं रोक सकता: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 26 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज अधिकारों पर तो बहुत चर्चा होती है, लेकिन कर्तव्यों और जिम्मेदारियों पर अपेक्षाकृत कम चर्चा होती है। हमें यह समझने की आवश्यकता है कि हमारे अधिकार क्या हैं, हमारी जिम्मेदारियां क्या हैं और एक नागरिक के रूप में हमारा क्या कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि ‘हम भारत के लोग, हमारा दायित्व’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विचार-विमर्श के लिए एकत्र होना अपने आप में एक सार्थक पहल है। ऐसे आयोजनों में होने वाली चर्चाओं से निकलने वाले विचारों का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलता है और उन्हें देश तथा राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की दिशा मिलती है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार को चंडीगढ़ में पंचनद रिसर्च इंस्टीट्यूट (पंचनद शोध संस्थान) की ओर से आयोजित 33वें वार्षिक व्याख्यान एवं पूर्व-लोकमंथन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का विषय ‘हम भारत के लोग, हमारा दायित्व’ था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंचनद रिसर्च इंस्टीट्यूट को शोध कार्यों के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान में मौलिक कर्तव्यों को शामिल किया गया था, लेकिन लंबे समय तक अधिकारों पर अधिक और कर्तव्यों पर कम चर्चा होती रही। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यक्रम में वक्ताओं की ओर से रखे जाने वाले विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक साबित होंगे और देशवासियों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का रास्ता दिखाएंगे।

उन्होंने कहा कि हमारे संविधान की प्रस्तावना के पहले शब्द हैं—‘हम, भारत के लोग।’ ये शब्द बताते हैं कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार जनता है। संविधान हमें अधिकार देता है और हमारी स्वतंत्रता तथा गरिमा की रक्षा करता है। साथ ही, वह हमसे यह अपेक्षा भी करता है कि हम देश, समाज और एक-दूसरे के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। अधिकार हमें सशक्त बनाते हैं, जबकि जिम्मेदारी उस शक्ति को सही दिशा देती है। जब अधिकार और कर्तव्य साथ-साथ चलते हैं, तभी लोकतंत्र मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 51A में नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों का उल्लेख है। इनमें संविधान और उसके आदर्शों का सम्मान करना, स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों को संजोकर रखना, देश की एकता और अखंडता की रक्षा करना, सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना, महिलाओं के सम्मान की रक्षा करना तथा हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति का संरक्षण करना शामिल है। ये जीवन-मूल्य हमारे समाज को जोड़ने और देश को आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिम्मेदारी का पहला रूप संविधान और संस्थाओं का सम्मान करना है। हमारा लोकतंत्र विभिन्न विचारों, अनेक भाषाओं, अलग-अलग परंपराओं और विभिन्न समुदायों को साथ लेकर चलता है। असहमति लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन असहमति के बावजूद संवाद, मर्यादा और कानून के प्रति सम्मान बना रहना चाहिए। हमारे विचार अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्रीय हित में हमारा संकल्प एक होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी अगली जिम्मेदारी समाज में भाईचारे और सम्मान की भावना को मजबूत करना होनी चाहिए। कोई भी व्यक्ति भाषा, जाति, धर्म, क्षेत्र या आर्थिक स्थिति के आधार पर छोटा या बड़ा नहीं होता। हमारे देश की विविधता ही हमारी पहचान है। इसलिए जब भी हम किसी धर्म, जाति, क्षेत्र या भाषा के व्यक्ति से मिलें, तो हमारे मन में सबसे पहले यह भावना होनी चाहिए कि वह भारतीय है और हमारा अपना भाई या बहन है।

उन्होंने कहा कि जब यह भावना सभी नागरिकों में विकसित हो जाएगी, तो भारत एक बड़ी शक्ति बन जाएगा। इस भावना के मजबूत होने से समाज की कई कमियां अपने आप दूर हो जाएंगी। तब समाज में हर बेटी को सम्मान और सुरक्षा मिलेगी, बुजुर्गों को आदर मिलेगा, वंचित लोगों को अवसर प्राप्त होंगे और प्रत्येक नागरिक को यह विश्वास होगा कि यह मेरा देश है और मैं इस देश का समान भागीदार हूं।

प्रधानमंत्री ने विकसित भारत की यात्रा में भागीदारी का किया आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत की यात्रा में युवाओं, विश्वविद्यालयों और संस्थानों को भाग लेने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री का 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक भागीदारी का संदेश है कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस सामूहिक संकल्प में हरियाणा भी एक महत्वपूर्ण भागीदार है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब हर नागरिक यह कहेगा कि देश के लिए मेरा भी योगदान है, तब भारत की तरक्की को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करें और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।

हरियाणा के जवानों, किसानों और खिलाड़ियों के योगदान का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने इस दौरान हरियाणा के जवानों, किसानों और खिलाड़ियों के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जवान देश की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, किसान देश के अन्न भंडार को भरने में योगदान देते हैं और खिलाड़ी अपनी उपलब्धियों से देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने प्रदेश में उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति का भी उल्लेख किया और हरियाणा सरकार के प्रयासों से आए बदलावों तथा विकास कार्यों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने अग्निवीरों के लिए हरियाणा सरकार की ओर से की गई रोजगार व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अग्निवीरों को प्रदेश की सरकारी नौकरियों में अवसर देने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जैसे ही अग्निवीरों का पहला समूह आएगा, उन्हें नियुक्ति पत्र दिए जाएं। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से लागू की गई योजना की जानकारी भी दी।

‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा से इस अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान ने एक नई दिशा देने का काम किया है। उन्होंने बेटियों की शिक्षा, सम्मान और प्रगति के महत्व पर भी अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर देना और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। आज बेटियां रक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

नागरिक कर्तव्यों से मजबूत होगा समाज और राष्ट्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत की यात्रा में विशेष रूप से युवाओं, विश्वविद्यालयों और संस्थानों को भाग लेने का आह्वान किया है। उन्होंने पानी बचाने, बिजली की खपत कम करने, स्वच्छता, कौशल विकास और नागरिक भावना को भी विकसित भारत के प्रयासों से जोड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश है कि जब नागरिक अपनी-अपनी भूमिका में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, तभी देश आगे बढ़ता है। यही ‘सबका प्रयास’ उनके विकसित भारत के संकल्प का मूल आधार है।

उन्होंने डिजिटल माध्यमों पर साझा की जाने वाली जानकारी के प्रति भी जिम्मेदारी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। किसी भी जानकारी को आगे भेजने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है, ताकि अपुष्ट जानकारी से भ्रम न फैले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों से देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा सकता है। जब नागरिक अपने कर्तव्यों को समझकर उनका पालन करेंगे, तो इसका लाभ समाज और आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए किसी बड़े अवसर की प्रतीक्षा करने की जरूरत नहीं है। दैनिक जीवन में ईमानदारी, अनुशासन, सहयोग, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक सद्भाव जैसे छोटे-छोटे प्रयास भी देश के लिए महत्वपूर्ण हैं। जब नागरिक अपने कर्तव्यों को जीवन का हिस्सा बना लेंगे, तभी देश और समाज निरंतर प्रगति कर सकेंगे।

कार्यक्रम में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सदस्य सचिव एवं आयोजक डॉ. सच्चिदानंद जोशी, पंचनद रिसर्च इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष प्रो. बृज किशोर कुठियाला, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह, निदेशक श्री भोला राम गुर्जर, श्री विक्रम अरोड़ा, मुख्यमंत्री के ओएसडी एवं स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू सहित अन्य प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments