Wednesday, November 4, 2026
HomeWorld Newsब्राजील में लूला दा सिल्वा की ऐतिहासिक जीत, चौथी बार संभालेंगे राष्ट्रपति...

ब्राजील में लूला दा सिल्वा की ऐतिहासिक जीत, चौथी बार संभालेंगे राष्ट्रपति पद

जेनेरियो, 26 अक्टूबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार और कुल चौथी बार राष्ट्रपति बनने का रास्ता साफ कर लिया है। रविवार, 25 अक्टूबर को हुए दूसरे चरण के मतदान की पूरी मतगणना के बाद निर्वाचन प्राधिकरण ने उन्हें विजयी घोषित किया। लूला ने विपक्षी उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो को लगभग 44 लाख वोटों से हराया। उनका नया कार्यकाल 5 जनवरी, 2027 से शुरू होगा। यह जीत ऐसे समय में हुई है, जब लैटिन अमेरिका में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थक दक्षिणपंथी नेताओं का प्रभाव बढ़ने की चर्चा है।

लूला को 51.79 प्रतिशत, फ्लावियो को 48.21 प्रतिशत वोट

ब्राजील के सुपीरियर इलेक्टोरल कोर्ट (TSE) के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, लूला को 6,42,56,232 वोट मिले, जो वैध मतों का 51.79 प्रतिशत है। वहीं, फ्लावियो बोल्सोनारो को 5,98,26,041 वोट मिले और उनका मत प्रतिशत 48.21 रहा। दोनों उम्मीदवारों के बीच मतों का अंतर 44,30,191 रहा।

दूसरे चरण के चुनाव में 15.87 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र थे। इनमें से लगभग 12.82 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान नहीं करने वालों का प्रतिशत करीब 19.2 रहा।

पहले चरण में पिछड़ने के बाद लूला की वापसी

4 अक्टूबर को हुए पहले चरण के मतदान में फ्लावियो बोल्सोनारो ने 47.03 प्रतिशत वैध मत हासिल किए थे, जबकि लूला को 45.16 प्रतिशत वोट मिले थे। पहले चरण में बढ़त हासिल करने के बावजूद फ्लावियो दूसरे चरण में जीत कायम नहीं रख सके। लूला ने दूसरे चरण में अपने समर्थन को मजबूत करते हुए मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया।

यह ब्राजील के चुनावी इतिहास में एक महत्वपूर्ण परिणाम है, क्योंकि 1985 में सैन्य शासन समाप्त होने के बाद पहली बार ऐसा हुआ कि पहले चरण में दूसरे स्थान पर रहने वाला राष्ट्रपति उम्मीदवार दूसरे चरण में जीतकर सत्ता तक पहुंचा।

मतदान के अंतिम समय में कुछ मतदान केंद्रों पर अव्यवस्था की स्थिति बनी। परिवहन संबंधी समस्याओं और भारी बारिश के कारण मतदाताओं को हुई परेशानियों के मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश क्रिस्टियानो ज़ैनिन ने मतदान का समय दो घंटे बढ़ाने का आदेश दिया था। यह फैसला दोनों उम्मीदवारों की ओर से की गई मांगों के बाद आया।

हालांकि, फ्लावियो बोल्सोनारो ने इस निर्णय पर आपत्ति जताई और चुनाव परिणाम रद्द करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान नियमों में बदलाव किया गया। दूसरी ओर, निर्वाचन प्राधिकरण के अध्यक्ष ने कहा कि मतदान का समय बढ़ाए जाने से चुनाव परिणाम प्रभावित नहीं हुए। परिणाम रद्द करने की मांग पर अंतिम कानूनी स्थिति संबंधित अधिकारियों के निर्णय पर निर्भर करेगी।

ट्रेड यूनियन नेता से राष्ट्रपति तक का सफर

लूला ने 1970 के दशक में ट्रेड यूनियन नेता के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। उन्होंने श्रमिक अधिकारों के आंदोलनों में प्रमुख भूमिका निभाई और 1980 में वर्कर्स पार्टी (PT) की स्थापना में मदद की।

लूला ने 2002 में पहली बार राष्ट्रपति चुनाव जीता और 2006 में दोबारा निर्वाचित हुए। उनके बाद उनकी पार्टी की नेता दिल्मा रूसेफ राष्ट्रपति बनीं, जिन्होंने 2010 और 2014 में जीत हासिल की। हालांकि, 2016 में महाभियोग के बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा।

2018 में भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद लूला को जेल भेजा गया था। उन्होंने लगभग 580 दिन जेल में बिताए। बाद में ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने उनकी सजा रद्द कर दी। इसके बाद उन्होंने फिर से राजनीतिक सक्रियता बढ़ाई और 2022 के चुनाव में तत्कालीन राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को हराकर सत्ता में वापसी की।

अमेरिका के साथ संबंधों पर भी रहेगी नजर

लूला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों के मुखर आलोचक रहे हैं। उनकी जीत से ब्राजील की विदेश नीति में राष्ट्रीय संप्रभुता और स्वतंत्र निर्णय लेने पर जोर जारी रहने के संकेत मिलते हैं। चुनाव परिणाम का असर अमेरिका-ब्राजील संबंधों, व्यापारिक नीतियों और लैटिन अमेरिका की राजनीतिक दिशा पर भी पड़ सकता है।

हालांकि, लूला के सामने महंगाई, जीवन-यापन की लागत, सार्वजनिक सुरक्षा और भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों पर जनता की अपेक्षाएं पूरी करने की चुनौती बनी रहेगी। चुनाव परिणाम ने उनके लिए चौथा राष्ट्रपति कार्यकाल सुनिश्चित किया है, लेकिन अगले कार्यकाल में उनकी नीतियों और आर्थिक फैसलों पर देश और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments