Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कुरुक्षेत्र दौरा जिला वासियों के लिए हर्ष और...

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कुरुक्षेत्र दौरा जिला वासियों के लिए हर्ष और गौरव का विषय:उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा

कुरुक्षेत्र, 27 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का कुरुक्षेत्र दौरे पर आना जिला वासियों के लिए बड़े हर्ष और गौरव का विषय है। कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर राष्ट्रपति का आगमन पूरे हरियाणा प्रदेश के लिए गौरवमयी क्षण है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा मंगलवार को राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों का जायजा ले रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश के बनने के 60 वर्ष पूरे होने पर 1 नवंबर को हरियाणा दिवस का प्रदेश स्तरीय मुख्य हीरक जयंती समारोह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हरियाणा दिवस के अवसर पर एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम हरियाणा की 60 वर्ष की विकास यात्रा को समर्पित होगा। कार्यक्रम में हरियाणा के गठन से लेकर अब तक प्रदेश ने जिन क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित किए है, उन सभी को याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कुरुक्षेत्र के लिए ऐतिहासिक होगा और हरियाणा के 60 वर्ष के गौरवशाली इतिहास को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें और प्रशासन का सहयोग करें।
भव्य प्रदर्शनी में दिखेगी हरियाणा की प्रगति और भविष्य की परिकल्पना
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में एक भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में हरियाणा प्रदेश की प्रगति और आने वाले समय में प्रदेश की परिकल्पना को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में हरियाणा के 60 वर्ष के सफर को विभिन्न माध्यमों से दर्शाया जाएगा। इसमें कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, महिला सशक्तिकरण, सूचना प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचा विकास, हरियाणवी संस्कृति और विरासत से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। विशेष रूप से हरियाणा विजन-2047 के तहत भविष्य के हरियाणा की झलक भी प्रदर्शनी में दिखाई जाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में हर वर्ग के नागरिकों को अपना उद्बोधन देंगी।
गुरुकुल कुरुक्षेत्र में शिरकत करेंगी राष्ट्रपति
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि राष्ट्रपति अपने कुरुक्षेत्र दौरे के दौरान गुरुकुल कुरुक्षेत्र में आयोजित स्वामी श्रद्धानंद बलिदान शताब्दी समारोह में भी शिरकत करेंगी। इसके अलावा वे सिद्ध शक्तिपीठ श्री भद्रकाली मंदिर में माता के दर्शन भी करेंगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति लगभग 5 घंटे तक कुरुक्षेत्र में रहेंगी। उनके सभी कार्यक्रमों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक के साथ समन्वय कर सुरक्षा का मल्टी-लेवल प्लान तैयार किया गया है। कार्यक्रम स्थलों, रूटों, हेलीपैड और मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल, पैरामिलिट्री फोर्स और खुफिया एजेंसियों की तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अलग से रूट प्लान बनाया गया है ताकि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने स्तर पर सभी प्रबंध समय पर पूरे करें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी कार्यक्रम स्थलों पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड की व्यवस्था रहेगी। बिजली और पेयजल आपूर्ति निर्बाध रहेगी।


सहयोग से सफल होंगे सभी कार्यक्रम
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि शक्तिपीठ भद्रकाली मंदिर की समिति, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के स्टाफ और गुरुकुल कुरुक्षेत्र की टीम के सहयोग से सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जाएंगे। सभी संस्थाओं के साथ लगातार बैठकें कर तालमेल बनाया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभागार की साज-सज्जा, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। वहीं गुरुकुल प्रबंधन द्वारा स्वामी श्रद्धानंद जी से जुड़ी प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी की जा रही है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, केयूके वीसी प्रो सोमनाथ सचदेवा, अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया, एसडीएम अमन कुमार, एसडीएम राजेश कुमार सोनी, एसडीएम शंभू राठी सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments