Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaराज्य स्तरीय खिलाड़ी सम्मान समारोह में सम्मानित होंगे एशियाई और पैरा-एशियाई खेलों...

राज्य स्तरीय खिलाड़ी सम्मान समारोह में सम्मानित होंगे एशियाई और पैरा-एशियाई खेलों के पदक विजेता खिलाड़ी : खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम

पलवल, 28 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा सरकार की ओर से प्रदेश के खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों को सम्मान देने और उनका उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 30 अक्टूबर को भिवानी के भीम स्टेडियम में राज्य स्तरीय खिलाड़ी सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।

हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने मंगलवार को पलवल में यह जानकारी देते हुए खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और प्रदेशवासियों से समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का सम्मान करना प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। खिलाड़ियों की उपलब्धियां युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं और उन्हें अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय खिलाड़ी सम्मान समारोह खिलाड़ियों के योगदान को सम्मान देने और उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

एशियाई और पैरा-एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को मिलेगी पुरस्कार राशि

खेल राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय सम्मान समारोह के दौरान एशियाई और पैरा-एशियाई खेलों में पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए करोड़ों रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यह सम्मान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने और प्रदेश के युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से दिया जाएगा।

महिला हरियाणा स्टाइल कबड्डी प्रतियोगिता रहेगी आकर्षण का केंद्र

सम्मान समारोह के दौरान हरियाणा और पंजाब की महिला टीमों के बीच हरियाणा स्टाइल कबड्डी का रोमांचक मुकाबला आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा समारोह में कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा, जिसमें विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments