Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaनवंबर महीने में बागवानी के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का होगा आयोजन

नवंबर महीने में बागवानी के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का होगा आयोजन

चंडीगढ़ ,28 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा):  हरियाणा सरकार के बागवानी विभाग के अंतर्गत उद्यान प्रशिक्षण संस्थान, उचानी (करनाल) की ओर से नवंबर महीने में विभिन्न विषयों पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक तरीकों से खेती करने के लिए प्रशिक्षित करना, ताकि वे अपनी आय बढ़ा सकें। राज्य के सभी जिलों के इच्छुक अभ्यर्थी बागवानी विभाग की वेबसाइट http://kaushal.hortharyana.gov.in/ के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
बागवानी विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। प्रशिक्षुओं का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत प्रशिक्षुओं को अपने साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक और पैन कार्ड जैसे आवश्यक दस्तावेज लाने होंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं के रहने और भोजन की व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क होगी। इसके अलावा, उन्हें बस का किराया प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से दिया जाएगा। यह भी स्पष्ट किया गया है कि जो प्रशिक्षु पहले इन विषयों पर प्रशिक्षण ले चुके हैं, वे उसी विषय के लिए दोबारा पंजीकरण न करवाएं।
नवंबर में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम
प्रवक्ता ने नवंबर महीने में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 2 से 6 नवंबर, 2026 तक निम्नलिखित दो प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:
  1. फल एवं सब्जियों के प्रसंस्करण, संरक्षण और मूल्य संवर्धन संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम — अवधि 5 दिन, सीटों की संख्या 40।

  2. एचएचएन नियम-2026 के अनुसार नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम — अवधि 5 दिन, सीटों की संख्या 20।

इन कार्यक्रमों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 27 अक्टूबर, 2026 को सुबह 10 बजे से 1 नवंबर, 2026 को शाम 5 बजे तक किया जा सकता है।
इसके बाद, 23 से 27 नवंबर, 2026 तक सब्जियों एवं फूलों की संरक्षित खेती और पॉलीहाउस के रखरखाव संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी अवधि 5 दिन और सीटों की संख्या 40 निर्धारित की गई है। इसके लिए पंजीकरण 27 अक्टूबर, 2026 को सुबह 10 बजे से 22 नवंबर, 2026 को शाम 5 बजे तक किया जा सकता है।
इसी प्रकार, 30 नवंबर से 4 दिसंबर, 2026 तक फल उत्पादन की तकनीकों संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी अवधि 5 दिन और सीटों की संख्या 40 है। इसके लिए 27 अक्टूबर से 22 नवंबर, 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कराया जा सकता है।
इसके अलावा, 30 नवंबर से 4 दिसंबर, 2026 तक एचएचएन नियम-2026 के अनुसार नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसकी अवधि 5 दिन और सीटों की संख्या 20 है। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 16 नवंबर, 2026 को सुबह 10 बजे से 29 नवंबर, 2026 को शाम 5 बजे तक किया जा सकता है।
प्रवक्ता ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने संबंधित जिला बागवानी अधिकारी, बागवानी विकास अधिकारी अथवा उद्यान प्रशिक्षण संस्थान, उचानी, करनाल में कार्यदिवसों के दौरान सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पंजीकरण करवा सकते हैं।
किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8570077877 और टोल फ्री नंबर 18001802021 पर संपर्क किया जा सकता है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments