कुरुक्षेत्र, 28 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): महानिदेशक आयुष हरियाणा के दिशा निर्देश में एवं जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक विद्यालय, आयुष ग्राम कलाल माजरा में आयुष विभाग स्टाफ द्वारा एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं रचनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति सजगता, योगमय दिनचर्या और रचनात्मकता का विकास करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों के लिए आयोजित एक विशेष योग सत्र के साथ हुआ। योग विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया तथा दैनिक जीवन में योग के महत्व एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसमें स्कूली बच्चों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी उत्साहवर्धन प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप नोटबुक वितरित की गईं, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में डॉ. संतोष तथा आयुष ग्राम कलाल माजरा की पूरी टीम ने अत्यंत सक्रिय और सराहनीय भूमिका निभाई। गांव निवरासी स्थित बाबा रविदास धर्मशाला में भी नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 67 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श प्रदान किया गया।

शिविर में डॉ. मीना, सिम्मी (आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट), नरेंद्र कुमार एवं संजय कुमार (योग प्रशिक्षक) ने सेवाएं प्रदान कीं तथा ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू शर्मा ने कहा आज के समय में बच्चों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है। पढ़ाई के साथ-साथ योग और सांस्कृतिक गतिविधियां उनके सर्वांगीण विकास की नींव रखती है। आयुष विभाग भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ, संस्कारित और रचनात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता रहेगा।






