Wednesday, November 4, 2026
HomeHaryanaराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम की व्यवस्थाएं समय पर हों पूरी:विश्राम कुमार...

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम की व्यवस्थाएं समय पर हों पूरी:विश्राम कुमार मीणा

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कार्यों को लेकर अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, डी.एफ.ओ. को पेड़ों की ट्रिमिंग और डीएमसी को साफ-सफाई के दिए निर्देश, प्रदर्शनी को भव्य बनाने पर दिया जोर, अन्य सभी कार्यों की ली विस्तृत जानकारी
कुरुक्षेत्र, 28 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित कुरुक्षेत्र दौरे से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर पूरी की जाएं। किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नोडल अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लें और आपसी तालमेल के साथ कार्य करें।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में राष्ट्रपति के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने एक-एक करके सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने डीएफओ को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के रूट, हेलीपैड, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर, भद्रकाली मंदिर और गुरुकुल कुरुक्षेत्र के आसपास के मार्गों पर पेड़ों की ट्रिमिंग और छंटाई का कार्य तुरंत पूरा किया जाए, ताकि वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि सूखे पेड़ों और लटकी हुई शाखाओं को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने डीएमसी को साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। कार्यक्रम स्थलों, वीआईपी रूट, शहर के मुख्य मार्गों, मंदिर परिसर और विश्वविद्यालय परिसर में कचरा, मलबा न रहे। नगर परिषद की टीमें दिन-रात सफाई कार्य में जुटी रहें। उन्होंने स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और सडक़ों के गड्ढों को भरने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बैठक में हेलीपैड, ट्रांसपोर्ट, पार्किंग, पास और इनविटेशन, मेडिकल व्यवस्था, आवास, ग्रीन रूम, लंच, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइन-अप, मीडिया मैनेजमेंट सहित अन्य सभी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र का स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करें और किसी भी कमी को तुरंत दूर करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति लगभग 5 घंटे कुरुक्षेत्र में रहेंगी, इसलिए सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय जरूरी है। नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक रूट और पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाए।
प्रदर्शनी को भव्य बनाने के दिए निर्देश
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने हरियाणा दिवस के अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में लगाई जा रही प्रदर्शनी को भव्य और आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में हरियाणा के 60 वर्ष के गौरवशाली सफर, प्रदेश की प्रगति और भविष्य की परिकल्पना को बेहतर तरीके से दर्शाया जाए। प्रत्येक विभाग अपने स्टॉल को समय पर तैयार करे और प्रदर्शनी में आधुनिक तकनीक, मॉडल और डिजिटल डिस्प्ले का उपयोग किया जाए, ताकि राष्ट्रपति और आमजन हरियाणा के विकास को आसानी से समझ सकें। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया, एसडीएम अमन कुमार, नगराधीश आशीष कुमार, रोडवेज जीएम समिन्दर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments