फतेहगढ़ साहिब, 28 अक्टूबर,2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना ‘मेरा घर मेरे नाम’ के तहत विधानसभा क्षेत्र फतेहगढ़ साहिब के 6 गांवों के 1,357 परिवारों को उनके घरों से संबंधित मालिकाना हक के दस्तावेज सौंपे गए। इस अवसर पर फतेहगढ़ साहिब के विधायक एडवोकेट लखबीर सिंह राय ने लाभार्थी परिवारों को मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज प्रदान किए।
इस योजना के तहत गांव बधौछी खुर्द के 89 परिवारों, आदमपुर के 211 परिवारों, हुसैनपुरा के 457 परिवारों, सानीपुर के 359 परिवारों, भट्ट माजरा के 168 परिवारों और कोटला सुलेमान के 73 लाभार्थी परिवारों को उनकी संपत्ति के मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज सौंपे गए।
इस अवसर पर विधायक राय ने कहा कि ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के माध्यम से लाल डोरे (आबादी देह) के क्षेत्र में लंबे समय से अपने घरों में रह रहे लोगों को उनकी संपत्ति का स्थायी मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मालिकाना हक मिलने से परिवारों को अपनी संपत्ति के संबंध में कानूनी सुरक्षा मिलेगी। इसके साथ ही, जरूरत पड़ने पर वे बैंक ऋण सहित अन्य वित्तीय सुविधाएं प्राप्त करने के लिए भी इन दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सकेंगे।
विधायक ने कहा कि लोगों को उनके अधिकार दिलाना और गांवों के निवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मालिकाना हक के दस्तावेज मिलने से इन परिवारों को भविष्य में अपनी संपत्ति के आधार पर विभिन्न सुविधाएं प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर मास्टर करमजीत सिंह जोगी, अश्वनी भट्टमाजरा, सतिंदर सिंह मल्कपुर, सरपंच इंद्रजीत सिंह सानीपुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।






