फतेहाबाद, 29 अक्तूबर, 2026 (संजीव शर्मा): शांति निकेतन पब्लिक सीनियर सैकेंड़री स्कूल, ढिंगसरा के प्रधानाचार्य श्री रणसिंह जी रेपस्वाल व डायरेक्टर श्री विजय सिंह बाघेला ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक जिला स्तरीय बाल भवन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा कला, संस्कृति और रचनात्मकता के प्रति उनकी रुचि को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिताओं के दूसरे समूह के अंतर्गत 27 अक्टूबर को ग्रुप डांस व सोलो डांस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में शांति निकेतन स्कूल की छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय की कक्षा सातवीं की छात्रा नूतन पुत्री श्री धर्मबीर ने सोलो डांस प्रतियोगिता व गु्रप डांस टीम ने अपनी बेहतरीन नृत्य प्रस्तुति के दम पर पूरे फतेहाबाद जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और गांव में खुशी का माहौल है।
उन्होंने बच्चों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता उनकी मेहनत, लगन और कला के प्रति समर्पण का परिणाम है। ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सके। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और समस्त विद्यालय परिवार ने बच्चों की इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी तथा उनके अभिभावकों को भी शुभकामनाएं दीं। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त करना बच्चों के लिए गर्व की उपलब्धि है। उनकी इस सफलता ने शांति निकेतन स्कूल, उसके परिवार और गांव का नाम रोशन किया है।






