कुरुक्षेत्र 29 अक्टूबर, 2026 (संजीव शर्मा): उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) पर प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को राहत प्रदान करते हुए आवेदन एवं सत्यापन की अंतिम तिथियों में विस्तार किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दी गई है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी जानकारी के अभाव या समय पर आवेदन न कर पाने के कारण योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके अतिरिक्त, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय क्षेत्र की प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत भी आवेदन और सत्यापन की समय-सीमा बढ़ाई गई है। निर्धारित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, विद्यार्थियों द्वारा आवेदन जमा करवाने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026, संस्थानों द्वारा प्रथम स्तर (एल1) पर सत्यापन की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 तथा जिला एवं राज्य स्तर पर दूसरे स्तर (एल2) के सत्यापन की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों, विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों को निर्देश देते हुए कहा कि वे पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना की जानकारी समय पर उपलब्ध करवाएं तथा आवेदन प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा करवाने में आवश्यक सहयोग प्रदान करें। संस्थान यह भी सुनिश्चित करे कि प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर सत्यापन करके उन्हें संबंधित अधिकारियों को अग्रेषित किया जाए। जिला शिक्षा अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें। साथ ही, पात्र विद्यार्थियों के आवेदनों की जांच और सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दी जाए।






