एक नवंबर को हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर कुरुक्षेत्र में आयोजित हीरक जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
कुरुक्षेत्र, 30 अक्टूबर 2026 (संजीव शर्मा): डी.सी. विश्राम कुमार मीना ने कहा कि हरियाणा राज्य के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक नवंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय हीरक जयंती समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर सभी अधिकारी तैयारियों को गंभीरता से अंतिम रूप दें और सुनिश्चित करें कि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
डीसी विश्राम कुमार विश्वविद्यालय में आयोजित अधिकारियों की बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, कार्यक्रम नोडल अधिकारी पंकज सेतिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीसी ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सभी कार्यक्रम निर्धारित समय और पूरी गरिमा के साथ संपन्न करवाए जाएं। इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल और समन्वय के साथ कार्य करें। डीसी विश्राम कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दौरे के दौरान श्री देवीकूप भद्रकाली मंदिर, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और गुरुकुल सहित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। दौरे की शुरुआत भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके बाद राष्ट्रपति कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हरियाणा के 60 वर्षों के इतिहास, विकास और उपलब्धियों को दर्शाती प्रदर्शनी तथा वर्ष 2047 तक विकसित हरियाणा की परिकल्पना पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी। इसके उपरांत वे विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित हीरक जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। साथ ही रत्नावली महोत्सव के पोस्टर को लॉन्च करेंगी। इसके बाद गुरुकुल में महान स्वतंत्रता सेनानी स्वामी श्रद्धानंद जी के बलिदान के शताब्दी वर्ष के स्मरणोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगी। इस गरिमामयी अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित रहेंगे।
डीसी ने अधिकारियों से कार्यक्रम के रूट प्लान, मंच व्यवस्था, प्रदर्शनी, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, वीआईपी एवं आमजन के प्रवेश मार्ग तथा बैठने की व्यवस्था सहित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के प्रवेश मार्ग, ग्रीन जोन, मंच स्थल को पूरी व्यवस्था प्रोटोकोल के अनुसार सुनिश्चित की जाए। साथ ही कार्यक्रम में आने वाले आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर पूरे रूट और कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई के साथ सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।






