चंडीगढ़, 02 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के ठेका कर्मचारियों की यूनियन की लुधियाना स्थित ईसड़ू भवन में हुई राज्यस्तरीय बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर चर्चा की गई। यूनियन नेताओं ने पंजाब सरकार पर बैठक में किए गए वादे पूरे न करने का आरोप लगाया।
यूनियन के प्रदेश प्रधान रेशम सिंह गिल और संस्थापक कमल कुमार ने कहा कि सरकार ने पनबस कर्मचारियों को नियमित करने के लिए सर्विस रूल्स कैबिनेट में पास करवाने, आउटसोर्स कर्मचारियों को ठेके पर रखने तथा संघर्ष के दौरान दर्ज मामलों को रद्द करने का भरोसा दिया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
यूनियन ने ऐलान किया कि 5 नवंबर को दिड़बा में प्रदर्शन किया जाएगा, 10 नवंबर को सभी डिपो के बाहर गेट रैलियां होंगी और 16 नवंबर से तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी भी दी गई।
यूनियन नेताओं ने सरकार से कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया शुरू करने, आउटसोर्स कर्मचारियों को ठेके पर लेने और दर्ज पुलिस मामले रद्द करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।






