कुरुक्षेत्र, 2 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में डीएलएसए कुरुक्षेत्र की तरफ से नवंबर 2026 के लिए लीगल एड काउंसिल के ड्यूटी रोस्टर जारी किया गया है। इस रोस्टर के तहत नियुक्त अधिवक्ता जिला कुरुक्षेत्र के विभिन्न पुलिस थानों का दौरा कर आरोपियों को गिरफ्तारी से पहले और गिरफ्तारी के समय आवश्यक कानूनी सहायता एवं परामर्श उपलब्ध करवाएंगे।
सीजेएम नीतिका भारद्वाज ने कहा कि इस रोस्टर के अनुसार अधिवक्ता विशाल मित्तल (मोबाइल नंबर 9812940021) को सदर थाना थानेसर, सिटी थाना थानेसर, लाडवा, महिला थाना और साइबर क्राइम थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है और यह अधिवक्ता 3, 10, 17 और 23 नवंबर 2026 को निर्धारित ड्यूटी के अनुसार कानूनी सहायता उपलब्ध करवाएंगे। इसी प्रकार अधिवक्ता अमित सहरावत (मोबाइल नंबर 9588336115) को झांसा, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय थाना (केयूके), कृष्णा गेट, आरपीएफ और जीआरपी थानों की जिम्मेदारी दी गई है और अधिवक्ता 6, 13, 20 और 27 नवंबर को अपनी सेवाएं देंगे। रोस्टर के अनुसार संबंधित अधिवक्ता पुलिस थानों की मांग और आवश्यकता के अनुसार आरोपियों को कानूनी सहायता एवं परामर्श प्रदान करेंगे। मामले की गंभीरता और तात्कालिकता को देखते हुए अधिवक्ता स्वयं संबंधित पुलिस थाने में पहुंचकर अथवा टेलीफोन के माध्यम से भी कानूनी परामर्श उपलब्ध करवा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि सभी अधिवक्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि जब भी किसी व्यक्ति को कानूनी सहायता या विधिक सेवा प्रदान की जाएगी, संबंधित नियुक्त अधिवक्ता को निर्धारित प्रोफार्मा (अनुलग्नक-ए) में इसकी रिपोर्ट जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुरुक्षेत्र के कार्यालय में जमा करवानी होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तारी से पहले और गिरफ्तारी के समय आवश्यक कानूनी सहायता एवं परामर्श मिल सके तथा उसे उसके कानूनी अधिकारों की जानकारी उपलब्ध हो।






