जिंदगी में अक्सर ऐसा होता है कि हमारा कोई भाई-बहन, दोस्त, रिश्तेदार या परिचित अपने मन की परेशानियां, दुख और तकलीफें साझा करने हमारे पास आता है। वह अंदर से टूटा हुआ होता है, हौसला खो चुका होता है, निराशा से घिरा होता है और कई बार अपनी भावनाओं को शब्दों में बयां करना भी उसके लिए मुश्किल हो जाता है। ऐसे समय में हमारी स्वाभाविक प्रतिक्रिया होती है कि हम उसे हिम्मत दें, समझाएं और कहें कि मजबूत बनो, हौसला रखो, हालात का सामना करो और जिंदगी में आगे बढ़ने की कोशिश करो।
हमारी नीयत बिल्कुल साफ होती है। हम उसका भला चाहते हैं और उसे दोबारा मजबूत देखना चाहते हैं। लेकिन इन तमाम अच्छी भावनाओं के बावजूद कई बार हम एक बेहद महत्वपूर्ण बात समझने से चूक जाते हैं। वह यह कि हर दुखी इंसान हमारे पास अपनी समस्या का समाधान ढूंढने नहीं आता। कई बार वह सिर्फ अपने मन का बोझ हल्का करने, कुछ पल के लिए कमजोर पड़ने और अपने अंदर दबी भावनाओं को बाहर निकालने आता है।
जरा सोचिए, जो व्यक्ति कई दिनों, महीनों या वर्षों से अपनी परेशानियों से अकेले जूझ रहा है, हर रोज खुद को समझा रहा है, हालात से लड़ रहा है और दुनिया के सामने मजबूत बनकर रह रहा है, जब वह आपके पास आता है तो शायद उसे कुछ पल के लिए अपनी मजबूती का मुखौटा उतारने की जरूरत होती है। वह चाहता है कि कोई ऐसा हो, जिसके सामने वह बिना किसी झिझक के रो सके, अपनी बेबसी बयां कर सके और यह महसूस कर सके कि उसे हर समय मजबूत बने रहने की जरूरत नहीं है।
लेकिन हम अक्सर उसकी बात पूरी होने से पहले ही सलाह देना शुरू कर देते हैं। कोई कहता है कि यह सबके साथ होता है। कोई समझाता है कि दुनिया में तुमसे ज्यादा दुखी लोग भी हैं। कोई उसकी गलतियां गिनाने लगता है तो कोई उसे अपनी सोच बदलने की नसीहत देने लगता है। नतीजा यह होता है कि जो व्यक्ति अपने मन की बात कहने आया था, वह और भी खामोश हो जाता है। उसे लगता है कि शायद यहां भी उसकी भावनाओं को समझने के बजाय उसे परखा जा रहा है।
यहां हमें इंसानी मन की एक बेहद बुनियादी जरूरत समझने की आवश्यकता है। इंसान को केवल सलाह, समाधान और मार्गदर्शन ही नहीं चाहिए होता, बल्कि उसे भावनात्मक सहारे की भी जरूरत होती है। मनोविज्ञान में इसे सक्रिय रूप से सुनना (Active Listening) कहा जाता है। इसका अर्थ है कि किसी की बात केवल सुननी ही नहीं, बल्कि बिना टोके, बिना निर्णय किए और बिना अपनी सोच थोपे उसकी भावनाओं को समझने की कोशिश करनी चाहिए।
कई बार किसी को गले लगाकर चुपचाप बैठना, उसके कंधे पर हाथ रखना या सिर्फ इतना कहना कि ‘मैं तुम्हारे साथ हूं, तुम बेझिझक अपनी बात कह सकते हो’, बड़ी-बड़ी सलाहों से कहीं ज्यादा प्रभावशाली होता है। रोना कमजोरी की निशानी नहीं, बल्कि मन में जमा भावनात्मक दबाव को व्यक्त करने का एक स्वाभाविक तरीका है। किसी को रोने से रोकने या तुरंत चुप कराने के बजाय उसे अपनी भावनाएं व्यक्त करने के लिए सुरक्षित माहौल देना चाहिए।
इसका अर्थ यह भी नहीं है कि सलाह या मदद का कोई महत्व नहीं। जब कोई व्यक्ति समाधान चाहता हो तो उसे सही मार्गदर्शन देना हमारी जिम्मेदारी है। लेकिन इससे पहले यह समझना जरूरी है कि सामने वाले को इस समय वास्तव में क्या चाहिए। कई बार सिर्फ एक सवाल काफी होता है—’तुम चाहते हो कि मैं तुम्हारी बात सुनूं या हम मिलकर इसका कोई समाधान ढूंढें?’
हमें यह भी याद रखना चाहिए कि किसी की निजी परेशानियों को उसकी अनुमति के बिना दूसरों के साथ साझा करना उसके विश्वास को तोड़ सकता है। किसी की कमजोरी को उसके खिलाफ इस्तेमाल करने के बजाय उसकी निजता और आत्मसम्मान की रक्षा करनी चाहिए।
आज के व्यस्त समाज में हर कोई अपनी बात सुनाने के लिए तैयार है, लेकिन दूसरों को सुनने के लिए समय निकालने वाले लोग कम हैं। हम हर समस्या का समाधान देने की कोशिश करते हैं, लेकिन कई बार यह भूल जाते हैं कि हमारी मौजूदगी ही किसी के लिए सबसे बड़ा सहारा हो सकती है।
इसलिए अगली बार जब कोई अपना आपके पास अपना दुख लेकर आए तो उसे तुरंत मजबूत बनने की नसीहत न दें। पहले उसे अपने मन की बात कहने दें। उसके आंसुओं को कमजोरी न समझें और उसकी खामोशी को नजरअंदाज न करें। हो सकता है कि वह आपके पास अपनी समस्या का समाधान लेने नहीं, बल्कि कुछ पलों के लिए अपने मन का बोझ हल्का करने आया हो।
याद रखिए, हर बार किसी को उठाने के लिए उसका हाथ पकड़ने की जरूरत नहीं होती। कई बार उसके पास बैठ जाना ही काफी होता है। क्योंकि हर किसी को सलाहकार नहीं चाहिए, कुछ लोगों को सिर्फ एक ऐसा इंसान चाहिए जो उनकी बात ध्यान से सुन सके।
छत्रपाल सिंह






