फतेहाबाद, 04 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): बिश्नोई मंदिर, फतेहाबाद में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने फतेहाबाद में निर्माणाधीन 200 बेड के अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा देने तथा इसे चौधरी भजनलाल के नाम पर स्थापित करने की मांग उठाई।
प्रवीन जोड़ा ने कहा कि फतेहाबाद में 200 बेड के अस्पताल की बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में इस अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा देकर चौधरी भजनलाल के नाम पर स्थापित किया जाना चाहिए। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और फतेहाबाद सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि चौधरी भजनलाल का हरियाणा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यदि फतेहाबाद के इस अस्पताल को उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज का दर्जा मिलता है, तो यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। साथ ही, आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, कार्यों और जनसेवा की भावना से प्रेरणा मिलती रहेगी।
जिला भाजपा अध्यक्ष की इस मांग का विधायक रणधीर परिहार और पूर्व विधायक दुड़ाराम ने भी समर्थन किया। दोनों ने इस मांग को क्षेत्र के हित में महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रवीन जोड़ा द्वारा उठाई गई मांग के संबंध में वह मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे। उन्होंने इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही।






