नई दिल्ली, 05 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप यूजर्स के लिए फोटो और वीडियो शेयरिंग की प्रक्रिया आसान बनाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी Recent Media Suggestions नाम के नए फीचर की टेस्टिंग कर रही है। इसके जरिए फोन में हाल ही में सेव की गई तस्वीरें और वीडियो सीधे चैट स्क्रीन पर सुझाव के रूप में दिखाई दे सकती हैं। इससे यूजर्स को हर बार मीडिया भेजने के लिए गैलरी खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
डब्ल्यूएबीटाइन्फो की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर फिलहाल चुनिंदा एंड्रॉयड और आई.ओ.एस. यूजर्स के लिए टेस्ट किया जा रहा है। इसकी टेस्टिंग दो डिजाइन में हो रही है। पहले विकल्प में चैट बॉक्स के ऊपर हाल ही में सेव किए गए मीडिया का थंबनेल दिखाई देगा, जबकि दूसरे विकल्प में कैमरा आइकन की जगह कुछ समय के लिए फोटो या वीडियो का प्रीव्यू नजर आ सकता है।
प्राइवेसी का भी रखा गया ध्यान
इस फीचर की खास बात यह है कि व्हाट्सएप किसी भी फोटो या वीडियो को अपने आप दूसरे व्यक्ति को नहीं भेजेगा। यूजर को पहले सुझाई गई फाइल पर टैप करना होगा। इसके बाद वह व्हाट्सएप एडिटर में खुलेगी, जहां कैप्शन या स्टिकर जोड़ने के बाद यूजर खुद सेंड बटन दबाकर उसे भेज सकेगा।
इसमें कैमरे से ली गई तस्वीरों के अलावा डाउनलोड की गई इमेज, वीडियो और स्क्रीनशॉट भी सुझाव के रूप में दिखाई दे सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यूजर्स को Settings के Chats सेक्शन में इस फीचर को बंद करने का विकल्प भी मिल सकता है।
फिलहाल व्हाट्सएप ने इसके व्यापक रोलआउट की तारीख घोषित नहीं की है। टेस्टिंग के बाद फीचर के डिजाइन और उपलब्धता में बदलाव संभव है।






