चंडीगढ़, 6 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस के पावन अवसर पर प्रदेश के लाखों परिवारों को बड़ी सौगात देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाखों लाभार्थियों, पंचायती राज संस्थाओं और नगरपालिकाओं के बैंक खातों में सीधे 4,470 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि आज ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना की 13वीं किस्त जारी की गई है। इस योजना के तहत 10 लाख 59 हजार लाभार्थी बहनों-बेटियों के खातों में 222 करोड़ 52 लाख रुपये की राशि डाली गई है। इसे मिलाकर अब तक 13 किस्तों में कुल 2,689 करोड़ 15 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि इस योजना का दूसरा चरण गत 17 सितंबर से शुरू हो चुका है। सरकार ने योजना का दायरा बढ़ाते हुए वार्षिक आय की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 लाख 80 हजार रुपये कर दी है। आज जारी की गई राशि में ऐसी 49 हजार 290 पात्र बहनें-बेटियां भी शामिल हैं।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने विभिन्न 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 1,135 करोड़ 21 लाख रुपये की राशि सीधे 35 लाख 26 हजार 358 लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा करवाई। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए ‘प्रो-एक्टिव मॉडल’ अपनाया है। इसके तहत परिवार पहचान पत्र के डेटाबेस के आधार पर पात्रता अपने आप निर्धारित हो जाती है और पात्र नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर लगाए बिना तथा आवेदन किए बिना घर बैठे ही भत्ते का लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने ‘हर घर-हर गृहिणी’ योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल करवाने वाली 6 लाख 5 हजार बहनों के बैंक खातों में सितंबर महीने की 24 करोड़ 25 लाख रुपये की सब्सिडी भी जारी की। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। आज जारी की गई राशि को मिलाकर अब तक 14 लाख 66 हजार पात्र बहनों के बैंक खातों में कुल 404 करोड़ 46 लाख रुपये जमा करवाए जा चुके हैं।
गांवों के विकास के लिए पंचायतों को 1,158 करोड़ रुपये की किस्त जारी, नगरपालिकाओं को मिले 1,727.80 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष राज्य सरकार ने गांवों के विकास कार्यों के लिए राज्य वित्त आयोग के तहत 2,316 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसी कड़ी में आज राज्य वित्त आयोग अनुदान की पहली और दूसरी किस्त के रूप में 1,158 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यह राशि 22 जिला परिषदों, 143 पंचायत समितियों और 6,230 ग्राम पंचायतों के बैंक खातों में जमा करवाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष सरकार ने शहरों के विकास के लिए राज्य वित्त आयोग योजना में 2,754 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। आज प्रदेश की नगरपालिकाओं को 1,727 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। आज जारी राशि को मिलाकर चालू वित्त वर्ष में अब तक नगरपालिकाओं को कुल 1,927 करोड़ 80 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने दयालु योजना के तहत 5,429 परिवारों को 202 करोड़ 99 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की। आज जारी की गई सहायता राशि को मिलाकर अब तक 97 हजार 655 परिवारों को कुल 3,682 करोड़ 83 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है।
कर्मचारियों को भी मिला तोहफा, महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी, अब 63 प्रतिशत मिलेगा DA-DR
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस का तोहफा देते हुए प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की घोषणा की। यह बढ़ोतरी 1 जुलाई, 2026 से लागू होगी। इसके साथ ही महंगाई भत्ते और महंगाई राहत की दर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गई है।
इस बढ़ोतरी से राज्य सरकार के लगभग 2 लाख 78 हजार नियमित कर्मचारियों और करीब 2 लाख 60 हजार पेंशनरों को लाभ मिलेगा। इनके अलावा, बोर्डों, निगमों, स्वायत्त संस्थाओं और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों आदि के कर्मचारियों को भी इसी के अनुसार लाभ मिलेगा। इससे वित्त वर्ष 2026-27 में राज्य के खजाने पर 545 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।






