Wednesday, November 18, 2026
HomeNationalनियोमा एयरफील्ड पर भारतीय वायुसेना के IL-76MD विमान की ऐतिहासिक लैंडिंग, दुनिया...

नियोमा एयरफील्ड पर भारतीय वायुसेना के IL-76MD विमान की ऐतिहासिक लैंडिंग, दुनिया में सबसे अधिक ऊंचाई पर उतरने का बनाया रिकॉर्ड

नई दिल्ली, 07 नवंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): भारतीय वायुसेना ने लद्दाख के सामरिक रूप से महत्वपूर्ण नियोमा एयरफील्ड पर अपने भारी परिवहन विमान IL-76MD की सफल लैंडिंग कर एक नया इतिहास रच दिया है। वायुसेना के अनुसार, यह दुनिया में इस श्रेणी के विमान की अब तक की सबसे अधिक ऊंचाई पर की गई लैंडिंग है। इस उपलब्धि को विमान की परिचालन क्षमता के साथ-साथ उसके चालक दल की कुशलता और पेशेवर दक्षता का बड़ा प्रमाण माना जा रहा है।

वायुसेना ने शनिवार को इस सफल अभियान की जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह IL-76MD विमान की मजबूती और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में काम करने की क्षमता का शानदार प्रदर्शन है। ऊंचाई वाले क्षेत्र में सीमित परिचालन सुविधाओं के बीच इतने बड़े विमान को सुरक्षित उतारना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

LAC के करीब स्थित है नियोमा एयरफील्ड

दक्षिणी लद्दाख में स्थित नियोमा एयरफील्ड वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) से लगभग 40 किलोमीटर दूर है। इसे पिछले वर्ष विकसित किया गया था। पहले यहां एक कच्ची हवाई पट्टी थी, जहां मुख्य रूप से AN-32 परिवहन विमान और हेलीकॉप्टर उतरते थे। अब इसे आधुनिक एयरफील्ड के रूप में विकसित किया गया है, जो लड़ाकू विमानों के संचालन में भी सक्षम है। इस एयरफील्ड का सामरिक महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि यह पूर्वी लद्दाख में सैन्य रसद और त्वरित तैनाती की क्षमता को मजबूत करता है।

45 टन तक सामान ले जाने में सक्षम है IL-76MD

IL-76 विमान को 1980 के दशक के मध्य में भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था। यह भारी परिवहन बेड़े का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और लगभग 45 टन तक का भार ले जाने में सक्षम है। इन विमानों का इस्तेमाल टैंक, बख्तरबंद वाहनों, सैन्य उपकरणों और अन्य आवश्यक सामग्री को दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए किया जाता रहा है।

भारतीय वायुसेना के IL-76 विमान लद्दाख के लेह और थोइस एयरफील्ड के लिए नियमित रूप से रसद संबंधी उड़ानें संचालित करते हैं। लगभग 10,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित ये एयरफील्ड ऊंचे पहाड़ी इलाकों में सैन्य अभियानों के लिए बेहद अहम हैं। श्योक घाटी में स्थित थोइस एयरफील्ड विशेष रूप से सियाचिन क्षेत्र में तैनात सैनिकों और वहां चल रहे अभियानों को सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

नियोमा में IL-76MD की सफल लैंडिंग से भारतीय वायुसेना की उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी सैन्य परिवहन क्षमता को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments