Wednesday, November 18, 2026
HomeNationalदिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर: दिवाली से पहले GRAP-3 लागू, निर्माण कार्यों...

दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर: दिवाली से पहले GRAP-3 लागू, निर्माण कार्यों और पुराने वाहनों पर सख्ती

नई दिल्ली, 07 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): दिवाली से दो दिन पहले दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर होने के मद्देनजर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने एहतियाती कदम उठाते हुए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण यानी GRAP-3 को लागू कर दिया है। इसके तहत निर्माण गतिविधियों, धूल फैलाने वाले कार्यों और कुछ श्रेणियों के वाहनों पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य प्रदूषण के स्तर को और बढ़ने से रोकना तथा लोगों को खराब हवा के प्रभाव से बचाना है।

निर्माण और तोड़फोड़ के कार्यों पर रोक

GRAP-3 के तहत बड़े स्तर पर खुदाई, भवनों को गिराने, ईंटों से जुड़े निर्माण कार्यों और रेडी मिक्स कंक्रीट (RMC) प्लांटों के संचालन पर रोक रहेगी। धूल पैदा करने वाली निर्माण सामग्री को खुले में लाने-ले जाने और उसकी लोडिंग-अनलोडिंग पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि, मेट्रो, रेलवे, हवाई अड्डे, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट, राजमार्ग, बिजली लाइनों और अस्पतालों जैसी आवश्यक एवं सार्वजनिक महत्व की परियोजनाओं को निर्धारित शर्तों के तहत छूट दी गई है।

BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल वाहनों पर प्रतिबंध

दिल्ली के साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में BS-3 पेट्रोल तथा BS-4 डीजल इंजन वाले चार पहिया निजी वाहनों के संचालन पर पाबंदी लगाई गई है। इलेक्ट्रिक और CNG वाहनों के साथ दिव्यांग व्यक्तियों के उपयोग वाले वाहनों को छूट दी गई है।

इसके अलावा दिल्ली में BS-4 और उससे पुराने मध्यम मालवाहक वाहनों तथा बाहर से आने वाले हल्के और मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के लिए लागू नियमों के अनुसार छूट का प्रावधान रहेगा।

PUC प्रमाणपत्र नहीं तो 10 हजार रुपये तक जुर्माना

प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) के बिना वाहन चलाने पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना या वाहन जब्त किए जाने की कार्रवाई हो सकती है। वहीं, GRAP के तहत लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन करने पर 20,000 रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।

391 पर पहुंचा दिल्ली का AQI, कई इलाकों में स्थिति गंभीर

दिल्ली में शनिवार को धुंध की मोटी परत छाई रही और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 391 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 31 निगरानी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ और 28 केंद्रों पर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही।

दोपहर के समय कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद ऊंचा दर्ज किया गया। रोहिणी में AQI 474, पंजाबी बाग में 465, जहांगीरपुरी में 458, DTU में 454, आरके पुरम में 450, मुंडका में 446, विवेक विहार में 438, सोनिया विहार में 436, बवाना में 435 और अलीपुर में 434 रहा।

लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता के बीच GRAP-3 लागू होने से दिल्ली-एनसीआर में निर्माण गतिविधियों और वाहनों की आवाजाही पर निगरानी बढ़ेगी। लोगों को प्रदूषण के संपर्क में आने से बचने, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से प्रभावित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments