चंडीगढ़, 7 नवंबर (चौधरी प्रभजीत सिंह): पंजाब के लोगों को नवंबर महीने में कई त्योहारों और ऐतिहासिक दिवसों के अवसर पर छुट्टियां मिलेंगी। दिवाली के बाद अब 9 नवंबर को विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर पंजाब सरकार की ओर से सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके चलते राज्य के सभी सरकारी स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष दिवाली का त्योहार रविवार को मनाया जा रहा है, जबकि इसके अगले दिन यानी सोमवार, 9 नवंबर को विश्वकर्मा दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर औद्योगिक क्षेत्रों और विभिन्न कारोबारी प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की जाएगी। कई निजी संस्थानों में भी इस दिन छुट्टी रहने की संभावना है।
नवंबर महीने में इसके अलावा दो अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक अवकाश भी रहेंगे। 16 नवंबर को महान क्रांतिकारी शहीद करतार सिंह सराभा का शहीदी दिवस मनाया जाएगा, जबकि 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी का गुरुपर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।
इन त्योहारों और ऐतिहासिक दिवसों के कारण पंजाब के सरकारी संस्थानों में नवंबर के दौरान कई दिन कामकाज बंद रहेगा। सरकारी कामकाज के लिए कार्यालय जाने वाले लोगों को सलाह दी जाती है कि वे छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए अपनी योजना बनाएं।







