संगरूर, 10 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): डिप्टी कमिश्नर संगरूर पूनमदीप कौर, आईएएस, ने बताया कि पंजाब सरकार के पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों की पेंशन संबंधी शिकायतों की सुनवाई और समाधान के लिए 23 नवंबर को संगरूर में जिला स्तरीय पेंशन अदालत लगाई जाएगी। यह अदालत ऑडिटोरियम हॉल, जिला प्रशासनिक परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि ‘ऑडिट दिवस’ के अवसर पर यह अदालत महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), पंजाब, चंडीगढ़ के कार्यालय द्वारा पंजाब सरकार के सहयोग से आयोजित की जा रही है। अदालत में पेंशनभोगियों की शिकायतें संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में सुनी जाएंगी और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस अदालत में पेंशन स्वीकृत करने वाले अधिकारी, संबंधित विभागों के ड्राइंग एवं डिस्बर्सिंग ऑफिसर (डीडीओ), जिला खजाना कार्यालय और संबंधित बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। महालेखाकार कार्यालय के प्रतिनिधि भी अदालत में शामिल होंगे, ताकि शिकायतों की जांच और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा सके।
पूनमदीप कौर ने अपील की कि जिन पेंशनभोगियों या पारिवारिक पेंशनभोगियों की पेंशन संबंधी कोई शिकायत लंबित है, वे 23 नवंबर से पहले अपना आवेदन डिप्टी कमिश्नर कार्यालय, संगरूर में व्यक्तिगत रूप से जमा करवा सकते हैं या डाक के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन ईमेल के जरिए dc.sgr@punjab.gov.in या ceadcofficesangrur@gmail.com पर भी भेजे जा सकते हैं।







