Wednesday, November 18, 2026
HomePatialaराष्ट्रीय कानूनी सेवा दिवस के अवसर पर केंद्रीय जेल पटियाला में कैदियों...

राष्ट्रीय कानूनी सेवा दिवस के अवसर पर केंद्रीय जेल पटियाला में कैदियों को कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक

पटियाला, 10 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, एस.ए.एस. नगर की ओर से जिला पटियाला में राज्य स्तरीय राष्ट्रीय कानूनी सेवा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर माननीय सदस्य सचिव (प्रभारी), पंजाब राज्य कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, एस.ए.एस. नगर श्री अरुण कुमार अग्रवाल ने जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, पटियाला की सचिव श्रीमती अमनदीप कंबोज के साथ केंद्रीय जेल, पटियाला का दौरा किया और अपनी उपस्थिति से इस अवसर की शोभा बढ़ाई।

इस मौके पर केंद्रीय जेल, पटियाला में कानूनी जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्री अरुण कुमार अग्रवाल ने जेल के कैदियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कानूनी सेवा दिवस के महत्व और मुफ्त कानूनी सेवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कैदियों को उनके कानूनी अधिकारों और मुफ्त कानूनी सहायता के लाभों के बारे में सरल एवं सहज भाषा में समझाया।

इस कार्यक्रम के दौरान पात्र व्यक्तियों को मुफ्त कानूनी सेवाएं उपलब्ध करवाने के महत्व तथा कानूनी जागरूकता फैलाने, कानूनी सहायता प्रदान करने और लोगों के विवादों का निपटारा करने में जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। कैदियों को बताया गया कि लोग जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी, पटियाला के कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर या फोन नंबर 0175-2306500 पर संपर्क करके कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए नालसा (NALSA) की टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी गई।

जेल में बंद कैदियों की शिकायतों के निपटारे और जेल परिसर में उनके लिए उचित स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस संबंध में जेल अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को कैदियों के कल्याण एवं बेहतरी के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

बातचीत के दौरान माननीय सदस्य सचिव (प्रभारी) ने कैदियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया और जेल में चलाए जा रहे व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम कैदियों के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा में दोबारा शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कैदियों को उनके कानूनी अधिकारों और हकों के बारे में भी जानकारी दी गई। उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना गया और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

दौरे के दौरान श्री अरुण कुमार अग्रवाल ने जेल में स्थित कानूनी सहायता क्लिनिक, विभिन्न बैरकों, जेल की रसोई और महिला कैदियों के लिए चलाए जा रहे व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र का व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण किया। इस अवसर पर ब्यूटीशियन कोर्स सफलतापूर्वक पूरा करने वाली महिला कैदियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments