Wednesday, November 18, 2026
HomePatialaरांची में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाली पंजाब की साइक्लिस्ट बेटियों, पदक...

रांची में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाली पंजाब की साइक्लिस्ट बेटियों, पदक विजेता खिलाड़ियों और कोचों का सम्मान

पटियाला, 13 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग) : साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब की ओर से आज पटियाला के सूर्या कॉम्प्लेक्स स्थित अपने कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान रांची (झारखंड) में हुई राष्ट्रीय ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाली पंजाब की सब-जूनियर लड़कियों की टीम और पदक विजेता लड़कों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पंजाब की टीम के कोचों को भी सम्मानित किया गया।

एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक, प्रसिद्ध उद्योगपति और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक सेवा से जुड़े दर्शन सिंह धालीवाल ने सम्मानित खिलाड़ियों को 25-25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए। इसके साथ ही उन्होंने एसोसिएशन को 4 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा, एसोसिएशन के अध्यक्ष चरणजीत सिंह धालीवाल, महासचिव जगदीप सिंह काहलों, कोषाध्यक्ष बी.एस. सूदन और उपाध्यक्ष एस.पी. सिंह भी उपस्थित थे।

महासचिव जगदीप सिंह काहलों ने बताया कि पंजाब की सब-जूनियर महिला खिलाड़ियों ने टीम स्प्रिंट प्रतियोगिता में सात साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस रिकॉर्ड बनाने वाली टीम में जपनीत कौर (पिता जगदीप सिंह, माता सुखजिंदर कौर), पलकप्रीत कौर (पिता बलजिंदर सिंह, माता हरप्रीत कौर), गुनतास संधू (पिता गुरमीत सिंह, माता पूनमदीप कौर) और प्रीति शाह (पिता गणेश शाह, माता रेणु देवी) शामिल थीं।

समारोह के दौरान पंजाब टीम के मुख्य कोच सतविंदर सिंह, कोच भूपिंदर कुमार और इकविंदर सिंह तथा महिला कोच हरप्रीत कौर को खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देने के लिए सम्मानित किया गया।

काहलों ने बताया कि सीनियर पुरुषों की 10 किलोमीटर स्क्रैच प्रतियोगिता में पंजाब के हर्षवीर सिंह सेखों ने स्वर्ण पदक जीता। साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से इसी चैंपियनशिप के दौरान पंजाब की टीम को खेल भावना और अनुशासन के लिए ‘बेस्ट फेयर प्ले अवॉर्ड’ भी प्रदान किया गया।

उन्होंने बताया कि साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने वर्ष 2027 की राष्ट्रीय ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप की मेजबानी पंजाब को सौंपी है। इस चैंपियनशिप का आयोजन साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ पंजाब द्वारा किया जाएगा। समारोह के दौरान मेजबान राज्य को सौंपा जाने वाला फेडरेशन का झंडा एसोसिएशन के अध्यक्ष चरणजीत सिंह धालीवाल को भेंट किया गया।

एसोसिएशन के अध्यक्ष चरणजीत सिंह धालीवाल ने विजेता खिलाड़ियों, उनके कोचों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि सब-जूनियर लड़कियों द्वारा राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाना उनकी निरंतर मेहनत और कोचों के बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की कार्यकारिणी पिछले कई महीनों से पंजाब में साइक्लिंग को दोबारा बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है।

पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने कहा कि पंजाब को मिली मेजबानी एसोसिएशन के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप की तैयारियों के दौरान प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन और देशभर से आने वाले खिलाड़ियों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने पंजाब की टीम को ‘बेस्ट फेयर प्ले अवॉर्ड’ मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन और खेल भावना से पंजाब का गौरव बढ़ाया है।

मुख्य संरक्षक दर्शन सिंह धालीवाल ने कहा कि विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित करने का उद्देश्य उनकी मेहनत का सम्मान करना और नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि पंजाब की बेटियों द्वारा सात साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ना उन बच्चियों के लिए प्रेरणादायक है, जो साइक्लिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू कर रही हैं।

एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष बी.एस. सूदन ने कहा, “राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देना उनकी मेहनत का सम्मान करने का एक तरीका है। इस अवसर पर कोचों को सम्मानित करके एसोसिएशन ने खिलाड़ियों की तैयारी में उनके योगदान को भी मान्यता दी है।”

एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एस.पी. सिंह ने कहा, “हमारी सब-जूनियर खिलाड़ियों ने टीम स्प्रिंट में सात साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर पंजाब की अन्य बेटियों को साइक्लिंग में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। वर्ष 2027 की राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी मिलने से पंजाब के उभरते साइक्लिस्टों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं को करीब से देखने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलेगा।”

जगदीप सिंह काहलों ने घोषणा की कि एसोसिएशन अपने पास पंजीकृत पंजाब के सभी साइक्लिस्टों और कोचों का सामूहिक बीमा करवाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दुर्घटना की स्थिति में खिलाड़ियों, कोचों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है।

काहलों ने पंजाब में साइक्लिंग के विकास में सहयोग देने के लिए मुख्य संरक्षक दर्शन सिंह धालीवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा, एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के चेयरमैन ओंकार सिंह तथा फेडरेशन के महासचिव मनिंदरपाल सिंह का धन्यवाद किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में रह रहीं एशियाई चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता कुलविंदर कौर और कनाडा में रह रहे पूर्व राष्ट्रीय साइक्लिस्ट संदीप बजाज द्वारा लगातार दिए जा रहे सहयोग की भी सराहना की।

इस अवसर पर एनएसएनआईएस, पटियाला के मुख्य साइक्लिंग कोच जोगिंदर सिंह, अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट गुरमीत सिंह, सतबीर सिंह, खेल प्रमोटर जसपाल सिंह तथा एसोसिएशन के पदाधिकारी राजेश कुमार बिट्टू और बृज अशोक अरोड़ा भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments