वाशिंगटन डी.सी. , 13 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस से करीब एक मील की दूरी पर स्थित लोगान सर्किल इलाके में हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। एक इमारत में हुई इस हिंसक वारदात में पांच लोगों को गोली लगी, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी के बाद संदिग्ध हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली। मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग के अंतरिम प्रमुख जेफ्री कैरल ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर का इमारत के मकान मालिक संघ (होमओनर्स एसोसिएशन) के साथ विवाद चल रहा था। पुलिस इस विवाद को गोलीबारी की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संदिग्ध ने सबसे पहले इमारत के अंदर स्थित जिम में कम से कम एक व्यक्ति को निशाना बनाया। इसके बाद वह बाहर पहुंचा और दोबारा गोलीबारी की। एक कानून प्रवर्तन अधिकारी के अनुसार, हमलावर ने पार्किंग गैराज की लिफ्ट में भी एक अन्य व्यक्ति को गोली मारी।
घटना के बाद संदिग्ध इमारत की सातवीं मंजिल पर चला गया और खुद को वहां बंद कर लिया। पुलिस तथा अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस ने लोगान सर्किल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। फिलहाल घटना के पीछे की पूरी वजह, हमलावर की पहचान और पीड़ितों से जुड़ी विस्तृत जानकारी की जांच की जा रही है।







