फर्स्ट लेवल चेकिंग जिला चुनाव अधिकारियों की निगरानी में और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी
फतेहगढ़ साहिब, 14 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): पंजाब विधानसभा के आम चुनाव-2027 के मद्देनजर, पंजाब के सभी जिलों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) 12 नवंबर, 2026 से शुरू हो चुकी है।
पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीमती अनिंदिता मित्रा, आईएएस ने बताया कि ईवीएम और वीवीपैट की यह फर्स्ट लेवल चेकिंग भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) द्वारा निर्धारित एक अनिवार्य प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चुनाव के दौरान केवल पूरी तरह से कार्यशील और चुनाव के लिए तैयार मशीनों का ही इस्तेमाल किया जाए।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, आम चुनावों और उपचुनावों में इस्तेमाल की जाने वाली ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग जिला चुनाव अधिकारी की निगरानी में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा की जाती है।
सीईओ ने कहा कि फर्स्ट लेवल चेकिंग में सही पाई जाने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का इस्तेमाल विधानसभा चुनावों में किया जाएगा। फर्स्ट लेवल चेकिंग की विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी।
यह प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के मौजूदा दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न की जाएगी। फर्स्ट लेवल चेकिंग की प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं।
श्रीमती अनिंदिता मित्रा ने बताया कि एफएलसी प्रक्रिया संबंधित जिला चुनाव अधिकारियों की देखरेख में करवाई जाएगी और इसकी निगरानी मुख्य चुनाव अधिकारी, पंजाब के साथ-साथ भारत निर्वाचन आयोग के स्तर पर भी की जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने आगे बताया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सभी 23 स्थानों पर पूरी एफएलसी प्रक्रिया की लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी। प्रत्येक जिला मुख्यालय पर दो डिस्प्ले स्क्रीन (एक एफएलसी स्थल पर और दूसरी संबंधित डीसी कार्यालय में) लगाई गई हैं, ताकि प्रतिनिधि पूरी कार्रवाई को नजदीक से देख सकें।
मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) मुख्यालय पर पूरी प्रक्रिया को लाइव देखने के लिए विशेष स्क्रीन लगाई गई हैं। इसके अलावा, भारत निर्वाचन आयोग ने इन कार्यों की निगरानी के लिए पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी श्रीमती अनिंदिता मित्रा ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिनिधियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) के दौरान उपस्थित रहने के लिए अधिकृत करें। उन्होंने आगे कहा कि एफएलसी प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी पारदर्शिता को और मजबूत करेगी, संबंधित पक्षों में विश्वास पैदा करेगी और पूरी प्रक्रिया को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करना सुनिश्चित करेगी।







