लुधियाना, 14 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं एनिमल साइंसेज विश्वविद्यालय, लुधियाना के विद्यार्थियों और स्टाफ ने मिलकर परिसर में हॉस्टल नाइट ‘अंजुमन’ का आयोजन किया। यह कार्यक्रम सांस्कृतिक विविधता का एक उत्सव था। इस हॉस्टल नाइट का आयोजन विश्वविद्यालय के हॉस्टल की छात्राओं एवं स्टाफ द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के अलग-अलग राज्यों और संस्कृतियों से जुड़े लोकगीतों, नृत्य शैलियों तथा भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया गया।
डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल, कुलपति ने अपनी पत्नी श्रीमती पवनजीत कौर गिल के साथ मुख्य अतिथि के रूप में इस कार्यक्रम में शिरकत की। निदेशक विद्यार्थी कल्याण डॉ. जसपाल सिंह हुंदल एवं डॉ. (श्रीमती) रणजीत कौर हुंदल, वेटरनरी साइंस कॉलेज के डीन डॉ. स्वर्ण सिंह रंधावा तथा श्रीमती जसविंदर कौर भी इस अवसर पर उपस्थित थे। उन्होंने विभिन्न प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

डॉ. गिल ने कहा कि यह विश्वविद्यालय देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों का एक ऐसा परिवार है, जिसके सभी सदस्य आपस में घनिष्ठ रूप से जुड़े हुए हैं। विभिन्न सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों से जुड़े विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ के बीच आपसी मेल-जोल ने परिसर में एक अत्यंत उत्साहजनक वातावरण का निर्माण किया है। उन्होंने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए निदेशालय विद्यार्थी कल्याण, वार्डनों और विद्यार्थियों की सराहना की।
डॉ. हुंदल ने कहा कि देश के हर कोने से विद्यार्थी वेटरनरी विश्वविद्यालय की अनुसंधान व्यवस्था में अपनी जगह बनाने के लिए प्रयासरत हैं। विद्यार्थियों और स्टाफ के बीच सांस्कृतिक विविधता के प्रति आपसी सम्मान विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी शक्तियों में से एक है।

डॉ. रंधावा ने ‘विविधता में एकता’ की भावना को बनाए रखने तथा विश्वविद्यालय को देश के सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक संस्थानों में से एक के रूप में स्थापित करने में योगदान देने के लिए विद्यार्थियों की प्रशंसा की।
छात्राओं के हॉस्टल की वार्डन डॉ. शबनम सिद्धू और डॉ. एल. गीता तथा मुख्य वार्डन डॉ. नितिन देव सिंह ने छात्राओं के साथ संवाद करने और उनका उत्साहवर्धन करने के लिए गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया।







