फतेहगढ़ साहिब, 14 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को ध्यान में रखते हुए जिला फतेहगढ़ साहिब के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी एवं संयुक्त मुख्य चुनाव अधिकारी हरियाणा श्री राज कुमार ने आज स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) के चल रहे कार्य का जायजा लिया। इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी-कम-अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर श्रीमती इस्मत विजय सिंह भी मौजूद थीं।
इस अवसर पर श्री राज कुमार ने कहा कि फर्स्ट लेवल चेकिंग का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के दौरान चुनाव प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना तथा राजनीतिक पार्टियों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस में प्रतिदिन अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें, ताकि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग का कार्य पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान मशीनों की कार्यक्षमता की बारीकी से जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या से बचा जा सके।
इस अवसर पर एसडीएम खमाणों-कम-ईवीएम नोडल अधिकारी अभिमन्यु मलिक, तहसीलदार चुनाव निर्मला रानी, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी इंजीनियर करण मित्तल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।







