पटियाला, 14 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह): जनगणना 2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या गणना) को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए चंडीगढ़ स्थित डायरेक्टरेट ऑफ सेंसस ऑपरेशंस, पंजाब के मुख्यालय से आईं अधिकारी श्रीमती रेनू, सहायक निदेशक, श्रीमती पिंकी रावत, एस.आई. ग्रेड-II, श्री अमन कुमार बलिहार, जिला कोऑर्डिनेटर, पटियाला और श्रीमती जसविंदर कौर, उप अर्थ एवं सांख्यिकी सलाहकार, पटियाला ने आज स्वयं जनगणना चार्ज कार्यालयों का दौरा कर जमीनी स्तर पर प्रशासनिक और डिजिटल तैयारियों का जायजा लिया।
इस फील्ड जांच के दौरान चंडीगढ़ से आए अधिकारियों ने तहसील पटियाला, तहसील राजपुरा और नगर परिषद राजपुरा का दौरा कर मौके पर डिजिटल मैपिंग और कर्मचारियों के प्रशिक्षण की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने फील्ड में तैनात किए जाने वाले गणनाकारों और सुपरवाइजरों को वितरित किए जा रहे नियुक्ति पत्रों (Appointment Letters) की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक फील्ड कर्मचारी के पास ड्यूटी के दौरान आधिकारिक नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र अनिवार्य रूप से होना चाहिए, ताकि आम जनता को जानकारी देते समय किसी प्रकार की शंका न रहे।

इसके बाद अधिकारियों ने पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला में लगाए गए विशेष जनगणना स्टॉल (मर्दुमशुमारी स्टॉल) का दौरा किया। उन्होंने यूनिवर्सिटी परिसर में युवाओं और आम लोगों को जागरूक करने के लिए किए गए प्रबंधों की सराहना की और इस स्टॉल के माध्यम से अधिक से अधिक प्रचार करने के निर्देश दिए।
डायरेक्टरेट के प्रतिनिधि ने जोर देते हुए कहा कि चूंकि यह 16वीं राष्ट्रीय जनगणना पूरी तरह डिजिटल है, इसलिए एप्लीकेशनों में डेटा की शुद्धता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने पटियाला और राजपुरा के तहसील, नगर परिषद और यूनिवर्सिटी क्षेत्रों में किए गए जमीनी प्रबंधों पर संतुष्टि व्यक्त की और आम जनता से अपील की कि वे फील्ड में आने वाले कर्मचारियों को सही जानकारी देकर पूरा सहयोग दें।
किसी भी प्रकार की पूछताछ या समस्या के समाधान के लिए नागरिक आधिकारिक टोल-फ्री राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।







