Wednesday, November 18, 2026
HomePunjab वेटरनरी यूनिवर्सिटी 17 नवंबर से दो चरणों में आयोजित करेगी युवा मेला...

 वेटरनरी यूनिवर्सिटी 17 नवंबर से दो चरणों में आयोजित करेगी युवा मेला ‘युव-तरंग 2026’

लुधियाना, 14 नवंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): गुरु अंगद देव वेटरनरी एवं एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी, लुधियाना द्वारा अपने वार्षिक युवा मेले ‘युव-तरंग 2026’ के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह मेला 17 से 20 नवंबर तथा 1 से 3 दिसंबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। दो चरणों में आयोजित होने वाले इस रंगारंग सांस्कृतिक समारोह में विद्यार्थी अपनी कलात्मक प्रतिभा, सांस्कृतिक विरासत, बौद्धिक क्षमता और विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन करेंगे।

डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल, वाइस चांसलर ने कहा कि युवा मेला विद्यार्थियों के लिए अपनी क्षमताओं को पहचानने, नए अवसर तलाशने तथा पाठ्यक्रम से इतर कलात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को निखारने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेलों को केवल ट्रॉफियां जीतने की प्रतियोगिताओं के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि ये प्रतिभा, रचनात्मकता, सहभागिता और आपसी सौहार्द की भावना का उत्सव मनाने के अवसर हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरे उत्साह के साथ इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह अनुभव उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा, क्षमताओं को निखारेगा, संचार कौशल को मजबूत करेगा तथा जीवन के लिए मूल्यवान सीख प्रदान करेगा।

निदेशक विद्यार्थी कल्याण डॉ. जसपाल सिंह हुंदल ने बताया कि विद्यार्थियों में मेले को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और वे विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए पूरी लगन से तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों ने ‘अखिल भारतीय कृषि एवं वेटरनरी विश्वविद्यालयों तथा अंतर-विश्वविद्यालय युवा मेलों’में उच्च स्थान प्राप्त करके और प्रतिष्ठित ट्रॉफियां जीतकर लगातार विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि मेले का सुचारू संचालन, प्रभावशाली आयोजन और सफल प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।उन्होंने युवा मेले का विस्तृत विवरण भी साझा किया।

पहला चरण

17 नवंबर को फोटोग्राफी, पोस्टर मेकिंग, क्ले मॉडलिंग, शब्द गायन, भाषण व वाद-विवाद

18 नवंबर को पगड़ी बांधना, लंबी चोटी, कविता पाठ, हास रस व क्विज,

19 नवंबर को कार्टून मेकिंग, कोलाज मेकिंग, मेहंदी लगाना व कवीशरी

20 नवंबर को आन द स्पाट पेंटिंग, इंस्टालेशन, रंगोली, रचनात्मक लेखन, भाषण

दूसरा चरण

01 दिसंबर को उद्घाटन समारोह, लोक गीत, रचनात्मक नृत्य, सुगम संगीत और समूह गीत (भारतीय) का आयोजन होगा।

02 दिसंबर को माइम, स्किट, एकल नाटक, मिमिक्री और भांड

03 दिसंबर (समापन दिवस) को दर्शकों के सामने लोक नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

सभ्याचार, विरासत और भाषा को बढ़ावा देने के लिए इस बार यूथ फेस्टिवल में कुछ नई गतिविधियां निर्धारित की गई हैं। इन गतिविधियों में अलग-अलग तरह के नए मुकाबले रखे गए हैं, जिनमें लंबी चोटी, कवीशरी, पगड़ी बांधना, मेहंदी लगाना और परंपरागत पंजाबी पहरावा में स्टेज पर प्रदर्शन शामिल हैं। इन मुकाबलों का मकसद स्टूडेंट्स को उनके अमीर सभ्याचार, विरासत और भाषा से जोड़ना है।

डॉ. हुंदल ने कहा कि सम्पूर्ण युवा मेला अंतर-विश्वविद्यालय नियम एवं कानून के अनुरूप संचालित किया जायेगा।

डॉ. हुंदल ने आशा व्यक्त की कि छात्र और दर्शक इस युवा मेले का आनंद लेंगे और सुंदर, रंगीन और खुशी भरी यादें लेकर जाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments