फतेहगढ़ साहिब, 15 नवंबर, 2026 (गुरमीत सिंह तुंग): श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी, फतेहगढ़ साहिब के शिक्षा विभाग की ओर से “समृद्धि के लिए ईमानदारी” विषय के तहत सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 मनाया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिकता और जवाबदेही की भावना विकसित करना तथा भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना था।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) परित पाल सिंह ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान और कौशल प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और पारदर्शिता किसी भी मजबूत संस्थान और समाज की नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने निजी और पेशेवर जीवन में नैतिक सिद्धांतों का पालन करने तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा विभाग की प्रमुख डॉ. हरनीत बिलिंग ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी युवाओं में नैतिक चेतना, ईमानदारी और जवाबदेही की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि सतर्कता को केवल प्रशासनिक जरूरत के रूप में नहीं, बल्कि ईमानदारी, नैतिक साहस और जवाबदेही पर आधारित जीवनशैली के रूप में अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर “भ्रष्टाचार की रोकथाम और सुशासन को बढ़ावा देने में युवाओं की भूमिका” विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें राजनीति विज्ञान विभाग की प्रमुख डॉ. रमणदीप कौर ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने नैतिक नेतृत्व, सक्रिय नागरिकता और सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान ईमानदारी की शपथ दिलाई गई और “ईमानदारी की शुरुआत मुझसे: भ्रष्टाचार मुक्त समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी” विषय पर लेखन प्रतियोगिता करवाई गई। इसके अलावा सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा देने वाली एनिमेटेड वीडियो दिखाई गई। “भ्रष्टाचार को कहें ना: बदलाव की शुरुआत खुद से करें” विषय पर रील मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
कार्यक्रम के अंत में कोऑर्डिनेटर मिस अमनदीप कौर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।







