फतेहगढ़ साहिब, 17 नवंबर, 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सोना थिंद ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए फतेहगढ़ साहिब जिले के पूरे क्षेत्र में हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन करने, सोशल मीडिया के माध्यम से हथियारों का प्रदर्शन करने, हथियारों या हिंसा का महिमामंडन करने वाले गाने चलाने तथा सार्वजनिक सभाओं, धार्मिक स्थलों, विवाह समारोहों या अन्य कार्यक्रमों में हथियार लेकर जाने और उनका प्रदर्शन करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा जिला मजिस्ट्रेट ने किसी भी समुदाय के खिलाफ नफरत भरा भाषण देने वालों के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि पंजाब में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हथियारों के सार्वजनिक प्रदर्शन, सोशल मीडिया के माध्यम से हथियारों का प्रदर्शन, हथियारों या हिंसा का महिमामंडन करने वाले गाने चलाने तथा सार्वजनिक सभाओं, धार्मिक स्थलों, विवाह समारोहों और अन्य कार्यक्रमों में हथियार लेकर जाने एवं उनका प्रदर्शन करने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना आवश्यक है। इसके साथ ही किसी भी समुदाय के खिलाफ नफरत भरा भाषण देने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करना भी जरूरी है।
आदेशों में कहा गया है कि ऐसी गतिविधियों से लोगों की जान-माल को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। आम लोगों की गांवों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ये प्रतिबंध आवश्यक हैं। ये आदेश 29 दिसंबर, 2026 तक लागू रहेंगे। हालांकि, भारत और पंजाब सरकार के सभी विभागों, निगमों तथा बोर्डों के सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर हथियार रखने संबंधी यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।







