फतेहगढ़ साहिब, 17 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह) : जिले में जनगणना 2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या गणना) के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस अभियान की शुरुआत प्रधान जनगणना अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर डॉ. सोना थिंद ने स्थानीय जिला प्रशासनिक परिसर से की और जिला निवासियों से इस डिजिटल प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर जिले की विभिन्न प्रमुख हस्तियों ने भी अपनी स्व-जनगणना करके इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि दूसरे चरण के तहत 16 नवंबर से शुरू हुई स्व-गणना की प्रक्रिया 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान लोग se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार से संबंधित विवरण स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने जिला निवासियों से स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए अपने विवरण सही और पूरे दर्ज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने के लिए लोगों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इस दौरान वे घरों, परिवारों और व्यक्तियों से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे। जिन नागरिकों ने स्व-गणना की होगी, उनसे स्व-गणना आईडी लेकर दर्ज किए गए विवरणों की पुष्टि की जाएगी। यदि कोई जानकारी दर्ज होने से रह गई हो तो उसे घर-घर गणना के दौरान भी उपलब्ध करवाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्रश्नावली भरते समय किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए नागरिक जनगणना के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि परिवार से संबंधित सही विवरण पहले ही ऑनलाइन दर्ज करवाने से क्षेत्रीय गणनाकर्मियों का कार्यभार कम होगा और लोगों के समय की बचत भी होगी। उन्होंने कहा कि जनगणना के सही आंकड़े सरकार को जनकल्याणकारी योजनाएं तैयार करने तथा भविष्य की शहरी और विकास संबंधी जरूरतों की बेहतर योजना बनाने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर श्रीमती इसमत विजय सिंह (जे), एसपी हरवंत कौर, एसडीएम खमाणों अभिमन्यु मलिक, सहायक शोध अधिकारी हरमनदीप कौर, नगर कौंसिल मंडी गोबिंदगढ़ के प्रधान हरप्रीत सिंह प्रिंस, उपप्रधान विनीत बिट्टू, नगर पंचायत खमाणों की प्रधान सुनीता रानी के अलावा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।