टोक्यो (जापान), 18 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): भारत और जापान के बीच रक्षा एवं रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देने के उद्देश्य से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर बुधवार को टोक्यो पहुंचे। जापान के रक्षा मंत्रालय पहुंचने पर उनके जापानी समकक्ष शिंजिरो कोइज़ुमी ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर राजनाथ सिंह को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
राजनाथ सिंह के इस दौरे का विशेष महत्व है, क्योंकि भारत और जापान के बीच चौथी विदेश एवं रक्षा मंत्रियों की संयुक्त ‘2+2 वार्ता’ आयोजित होने जा रही है। इस उच्चस्तरीय बैठक में भारत की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भाग लेंगे, जबकि जापान की ओर से रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी शामिल होंगे।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस वार्ता में दोनों देश अपने मौजूदा रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग की समीक्षा करने के साथ-साथ भविष्य की साझेदारी का रोडमैप तैयार करेंगे। बातचीत के प्रमुख एजेंडे में रक्षा उपकरणों एवं तकनीक का आदान-प्रदान, समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के संयुक्त सैन्य अभ्यासों का विस्तार और रक्षा उद्योग में आपसी सहयोग को मजबूत करना शामिल है।
गौरतलब है कि राजनाथ सिंह और जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी के बीच वर्ष 2026 में यह तीसरी द्विपक्षीय मुलाकात होगी। इससे पहले दोनों नेताओं की अगस्त में नई दिल्ली और अक्टूबर में फिलीपींस के सेबू में आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान मुलाकात हुई थी।
इस यात्रा के दौरान भारत और जापान हिंद-प्रशांत क्षेत्र की बदलती सुरक्षा परिस्थितियों, क्षेत्रीय स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। दोनों देशों का साझा उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला, समावेशी और नियम-आधारित बनाए रखने के लिए सहयोग को मजबूत करना है।
भारत और जापान के बीच ‘विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी’ पहले से ही रक्षा, अर्थव्यवस्था और तकनीकी सहयोग के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ऐसे में यह उच्चस्तरीय वार्ता दोनों देशों के बीच सैन्य तालमेल, रक्षा औद्योगिक साझेदारी और रणनीतिक विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।







