नई दिल्ली, 19 नवंबर 2026 (चौधरी प्रभजीत सिंह): ए.सी.सी. मेन्स राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 का आगाज गुरुवार से कतर की राजधानी दोहा में हो रहा है। 19 से 29 नवंबर तक खेले जाने वाले इस 50 ओवर के टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारतीय ए टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी।
तिलक वर्मा की कप्तानी में उतरने वाली भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, रिंकू सिंह और प्रभसिमरन सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। भारत और नेपाल के बीच मुकाबला दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।
22 नवंबर को भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत
भारतीय टीम का दूसरा ग्रुप मुकाबला 22 नवंबर को पाकिस्तान ए के खिलाफ होगा। यह मैच भी दोहा में दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा। इसके बाद भारत 24 नवंबर को यूएई के सामने उतरेगा। भारत को ग्रुप बी में पाकिस्तान ए, नेपाल और यूएई के साथ रखा गया है।
टूर्नामेंट में ग्रुप ए में बांग्लादेश ए, श्रीलंका ए, अफगानिस्तान ए और हांगकांग की टीमें हैं। दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को, जबकि फाइनल 29 नवंबर को खेला जाएगा।
भारत ए की 15 सदस्यीय टीम
तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र, सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अर्शद खान।
युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा पर भी क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के सामने युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर होगा।







