Friday, November 20, 2026
HomePatialaउपायुक्त ने भाखड़ा नहर पर पटियाला बाईपास के निकट पुल टूटने की...

उपायुक्त ने भाखड़ा नहर पर पटियाला बाईपास के निकट पुल टूटने की घटना का लिया जायजा, जानी नुकसान से बचाव

एन.एच.ए.आई. अधिकारियों के साथ बैठक कर पुल संबंधी रिपोर्ट मांगी, पुनर्निर्माण का कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश

पटियाला, 19 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह): पटियाला के उपायुक्त हिमांशु जैन ने आज सुबह एनएच-64 (नया एनएच-07) के पटियाला बाईपास सेक्शन पर भाखड़ा मेन लाइन नहर पर पस्याणा के निकट स्थित 60 मीटर लंबे स्टील ट्रस ब्रिज के टूटने की घटना का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है, जबकि घायल ट्रक चालक का सरकारी राजिंदरा अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस अवसर पर एसडीएम गुरदेव सिंह, जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता रमन बैंस, कार्यकारी अभियंता गुरशरण सिंह विर्क तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी भी उपस्थित थे।

मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए उपायुक्त हिमांशु जैन ने कहा कि जिला प्रशासन की मुख्य प्राथमिकता भाखड़ा नहर के किनारों को सुरक्षित बनाना और पुल का पुनर्निर्माण करवाना है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में जल संसाधन (सिंचाई) विभाग द्वारा भाखड़ा नहर में पानी का स्तर कम करके नहर के किनारों को मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि टूटे हुए पुल का मलबा और लोहे का ढांचा तुरंत हटाया जाए तथा सड़क पर यातायात बहाल करने के लिए पुल के पुनर्निर्माण का कार्य जल्द शुरू किया जाए।

उपायुक्त ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हादसे का शिकार हुए ट्रक में लगी आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर भेजी गई। पुलिस द्वारा यातायात को नियंत्रित किया गया तथा अन्य बचाव टीमें भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा एनएचएआई के उप महाप्रबंधक विपुन मेहता और परियोजना निदेशक अमित ओझा के साथ बैठक कर पुल संबंधी विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। इसके अलावा घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेट जांच करवाने के आदेश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क का इस्तेमाल करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात को सर्विस रोड की ओर मोड़ दिया गया है।

उपायुक्त ने आगे बताया कि एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार, क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर यातायात बहाल करने के लिए 60 मीटर स्पैन वाले बेली ब्रिज की व्यवस्था की जा रही है, जिसके माध्यम से यातायात दोबारा जल्द से बहाल करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि एनएचएआई द्वारा पुल ढहने के कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुधारात्मक उपाय सुझाने हेतु एक विशेषज्ञ समिति का गठन भी किया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments