दिड़बा, 25 नवंबर 2026 (छत्रपाल सिंह): पंजाब के वित्त, योजना, आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच हुए गठबंधन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे ‘अपवित्र, अवसरवादी और गैर-सैद्धांतिक गठबंधन’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि केवल सत्ता हासिल करने की लालसा में दोबारा एकजुट हुई इन दोनों पार्टियों को पंजाब की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी और आगामी चुनावों में उन्हें करारा जवाब देगी।
विधानसभा हलका दिड़बा में 2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए ‘बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर कम्युनिटी हॉल’ का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए चीमा ने कहा कि अकाली दल और भाजपा के बीच दोबारा हुआ गठबंधन सिद्धांतों पर नहीं, बल्कि राजनीतिक स्वार्थ और सत्ता की भूख पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियों के हितों के बजाय अपने राजनीतिक हितों को प्राथमिकता देने वाली दोनों पार्टियों का असली चेहरा एक बार फिर जनता के सामने आ गया है।
वित्त मंत्री ने कहा कि तीन केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ चले ऐतिहासिक किसान आंदोलन के दौरान 700 से अधिक किसानों ने अपनी जान कुर्बान की थी। किसानों के लंबे, शांतिपूर्ण और दृढ़ संघर्ष के बाद ही केंद्र सरकार को इन कानूनों को वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा था। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन के दौरान पंजाब के किसानों, मजदूरों, युवाओं और समाज के हर वर्ग को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन सभी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से डटे रहे।
चीमा ने कहा कि जिस अकाली दल ने कृषि कानूनों के मुद्दे पर भाजपा से अलग होने का दावा किया था, उसी पार्टी ने अब किसानों की कुर्बानियों को भुलाकर दोबारा भाजपा से हाथ मिला लिया है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन किसान आंदोलन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले किसानों का अपमान करने और पूरे पंजाब के लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान है।
उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के नेतृत्व को पंजाब की जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए कि जिन मुद्दों को आधार बनाकर उसने भाजपा से अलग होने का फैसला किया था, वे मुद्दे अब कहां चले गए हैं। चुनाव नजदीक आते ही पुराना राजनीतिक गठबंधन बहाल करना साबित करता है कि दोनों पार्टियों के लिए सिद्धांतों, किसानों और पंजाब के हितों से ज्यादा सत्ता हासिल करना महत्वपूर्ण है।
अकाली-भाजपा के पिछले शासन पर निशाना साधते हुए चीमा ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल के दौरान पंजाब में नशे का प्रसार हुआ, बेअदबी की दुखद घटनाएं हुईं और प्रदेश की युवा पीढ़ी को गंभीर नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि पंजाब की संस्थाओं और संसाधनों को मजबूत करने के बजाय पारंपरिक राजनीतिक पार्टियों ने सत्ता का इस्तेमाल अपने निजी और राजनीतिक हितों के लिए किया, जिसके कारण प्रदेश की जनता पहले ही उन्हें नकार चुकी है।
वित्त मंत्री ने कहा कि अकाली दल ने लंबे समय तक पंजाब और पंथ के नाम पर राजनीति की, लेकिन सत्ता में रहते हुए किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी तरह भाजपा की केंद्रीय नीतियों ने किसानों, व्यापारियों और आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अब दोनों पार्टियां गठबंधन करके पंजाब की जनता को फिर से गुमराह करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन प्रदेश के जागरूक लोग उनकी राजनीतिक चालों को अच्छी तरह समझते हैं।
चीमा ने कहा कि एक तरफ अकाली दल और भाजपा सत्ता हासिल करने के लिए दोबारा एकजुट हो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की राजनीति का आधार काम, ईमानदारी और जनता के प्रति जवाबदेही है, जबकि पारंपरिक पार्टियों की राजनीति का एकमात्र उद्देश्य सत्ता हासिल करना है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के तीन करोड़ लोग प्रदेश के हितों, अधिकारों और संसाधनों की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चट्टान की तरह एकजुट हैं। पंजाब की जनता न तो किसान विरोधी नीतियों को दोबारा लागू होने देगी और न ही पंजाब विरोधी ताकतों के मंसूबों को सफल होने देगी।
आगामी विधानसभा चुनावों के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए चीमा ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति और राजनीतिक पार्टी को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन अंतिम फैसला जनता की अदालत में ही होता है। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल गठबंधनों, नारों या झूठे वादों के आधार पर नहीं, बल्कि जनता के बीच रहकर किए गए कार्यों और हासिल किए गए विश्वास के दम पर जीते जाते हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि दिड़बा विधानसभा क्षेत्र के लोगों से मिल रहे अपार प्यार, सम्मान और समर्थन के बल पर आम आदमी पार्टी दिड़बा सीट से लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ‘आप’ सरकार के जनहितैषी कार्यों पर एक बार फिर मुहर लगाएगी और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में प्रदेश में दूसरी बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।
चीमा ने बताया कि आम आदमी पार्टी की ओर से शेष उम्मीदवारों की तीसरी सूची भी जल्द जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और पंजाब की जनता विकास, ईमानदारी तथा जनहितैषी शासन के पक्ष में अपना जनादेश देगी।







