Wednesday, November 25, 2026
HomeNationalभारत ने फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए जारी किए 25 लाख डॉलर, राजदूत...

भारत ने फिलिस्तीनी शरणार्थियों के लिए जारी किए 25 लाख डॉलर, राजदूत ने की सराहना

नई दिल्ली, 25 नवंबर, 2026 (छत्रपाल सिंह): भारत की ओर से फिलिस्तीनी शरणार्थियों की मदद के लिए संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी UNRWA को 25 लाख अमेरिकी डॉलर की वित्तीय सहायता दिए जाने का फिलिस्तीन ने स्वागत किया है। भारत में फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम. अबू शावेश ने इस सहायता को फिलिस्तीनी लोगों के लिए बेहद कठिन समय में मिला महत्वपूर्ण राजनीतिक और आर्थिक समर्थन करार दिया है। राजदूत ने कहा कि भारत लंबे समय से फिलिस्तीनी लोगों के अधिकारों और उनकी भलाई के लिए अपना समर्थन जारी रखे हुए है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में फिलिस्तीन के पक्ष में भारत द्वारा किए गए मतदान भी दोनों देशों के मजबूत संबंधों की पुष्टि करते हैं। भारत ने वर्ष 2026-27 के लिए UNRWA को कुल 50 लाख डॉलर की वार्षिक सहायता देने की प्रतिबद्धता जताई है, जिसकी पहली किस्त के रूप में 25 लाख डॉलर जारी किए गए हैं। इस राशि का इस्तेमाल फिलिस्तीनी शरणार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और राहत कार्य उपलब्ध करवाने के लिए किया जाएगा। राजदूत ने कहा कि भारत ने हाल ही में संयुक्त राष्ट्र महासभा में फिलिस्तीनी लोगों के पक्ष में कई प्रस्तावों का समर्थन किया है। उनके मुताबिक, भारत का यह रुख केवल बयानों तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यावहारिक स्तर पर भी दिखाई देता है।

भारत-इजरायल संबंधों पर फिलिस्तीन का रुख

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा इजरायल के साथ भारत के रणनीतिक संबंधों का समर्थन करने के साथ-साथ गाजा में इजरायली कार्रवाई की आलोचना किए जाने के बारे में पूछे जाने पर राजदूत ने कहा कि फिलिस्तीन भारत के संप्रभु फैसलों का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि फिलिस्तीन ने कभी भी भारत और इजरायल के द्विपक्षीय संबंधों में हस्तक्षेप नहीं किया। इसके बजाय फिलिस्तीन की इच्छा है कि भारत इजरायल के साथ अपने अच्छे संबंधों का इस्तेमाल मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने और दो-राष्ट्र समाधान को आगे बढ़ाने के लिए करे। राजदूत ने यह भी कहा कि 7 अक्टूबर के हमलों को फिलिस्तीनी संघर्ष के लंबे इतिहास और उसकी पृष्ठभूमि से अलग करके नहीं देखा जाना चाहिए।

दो-राष्ट्र समाधान के लिए बातचीत जरूरी

इजरायल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति का जिक्र करते हुए अबू शावेश ने कहा कि वहां की वर्तमान सरकार और विपक्ष, दोनों की ओर से अभी तक दो-राष्ट्र समाधान के लिए कोई विश्वसनीय रास्ता पेश नहीं किया गया है। उनके अनुसार, स्थायी शांति के लिए फिलिस्तीनी प्राधिकरण और फिलिस्तीन लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन (पीएलओ) के साथ गंभीर राजनीतिक बातचीत दोबारा शुरू करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ओस्लो समझौतों के जरिए शांति प्रक्रिया की नींव रखी गई थी, लेकिन मौजूदा हालात में शांति की दिशा में कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है।

भारत-फिलिस्तीन संबंधों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि

राजदूत ने भारत और फिलिस्तीन के संबंधों को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और कूटनीतिक साझेदारी पर आधारित बताया। उन्होंने नौवीं शताब्दी में बाबा फरीद जी की यरूशलम यात्रा और वहां स्थापित किए गए इंडियन हॉस्पिस का उल्लेख किया, जो आज भी भारतीय समुदाय से जुड़ा हुआ है। उन्होंने 1918 की हाइफा की लड़ाई में भारतीय सैनिकों के योगदान को भी याद किया। राजदूत के अनुसार, फिलिस्तीन में 1,000 से अधिक भारतीय सैनिक दफन हैं, जिनमें से 109 गाजा में हैं।

कूटनीतिक इतिहास का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने 1947 में फिलिस्तीन के विभाजन से संबंधित संयुक्त राष्ट्र की योजना का विरोध किया था। वर्ष 1974 में भारत पीएलओ को फिलिस्तीनी लोगों का एकमात्र वैध प्रतिनिधि मान्यता देने वाला पहला गैर-अरब देश बना, जबकि 1988 में उसने फिलिस्तीन राज्य को मान्यता दी। राजदूत ने भारत की ओर से फिलिस्तीन में विकास कार्यों और सतत विकास के लिए दी जा रही सहायता की भी सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों की ऐतिहासिक मित्रता भविष्य में और मजबूत होगी।

भारत लगातार बातचीत के माध्यम से दो-राष्ट्र समाधान की वकालत करता रहा है। इसके तहत इजरायल के साथ सुरक्षित और मान्यता प्राप्त सीमाओं के भीतर एक स्वतंत्र, संप्रभु और व्यवहार्य फिलिस्तीनी राष्ट्र की स्थापना का समर्थन किया जाता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments