Thursday, November 26, 2026
HomeHaryanaअधिकारी मुख्यमंत्री की घोषणाओं को पूरा करने में तेजी लाएं : नायब...

अधिकारी मुख्यमंत्री की घोषणाओं को पूरा करने में तेजी लाएं : नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन और प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में श्री नायब सिंह सैनी ने दिए विशेष निर्देश कहा, मुख्यमंत्री की घोषणाओं को लागू करने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी

चंडीगढ़, 26 नवंबर, 2026 (संजीव शर्मा):  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रैलियों और अन्य कार्यक्रमों के दौरान की गई मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करवाया जाए, ताकि जनता को इनका उचित लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन और प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल, सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी और खेल मंत्री श्री गौरव गौतम सहित कई विधायक मौजूद रहे।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि घोषणाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संबंधित विभागों और विधायकों के बीच बेहतर तालमेल बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से विधायकों के साथ घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की जा रही है, ताकि लंबित विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके और उन्हें लागू करने में आ रही बाधाओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

अब तक की गई 7,988 घोषणाओं में से 5,743 पूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के दौरों के दौरान अब तक कुल 7,988 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 5,743 घोषणाओं से संबंधित कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 1,101 पर तेजी से काम चल रहा है। इसके अलावा, 805 घोषणाएं लंबित हैं और 339 घोषणाओं को क्रियान्वयन के लिहाज से अव्यावहारिक (नॉट फीजिबल) पाया गया है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित रैलियों के दौरान की जाने वाली घोषणाओं के लिए पहले ही संबंधित विभागों से उनकी व्यवहार्यता के संबंध में सहमति ले ली जाती है। इसके बावजूद यदि जमीन की अनुपलब्धता सहित किसी अन्य कारण से घोषणा को लागू करना संभव नहीं हो पाता है, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विधायकों से कहा कि वे लंबित घोषणाओं पर विशेष ध्यान दें और संबंधित विभागों के साथ मिलकर इन्हें लागू करने में आ रही बाधाओं को दूर करवाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों विभिन्न विभागों के बजट और खर्चों की भी समीक्षा की गई थी, ताकि उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का उचित उपयोग करते हुए विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके और आवंटित बजट का निर्धारित समय के भीतर समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

राउंड टेबल चर्चाओं में विभागवार हुई घोषणाओं की समीक्षा

बैठक के बाद 17 टेबलों पर विभागवार राउंड टेबल चर्चाएं आयोजित की गईं। इस दौरान विधायकों ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री की घोषणाओं की वर्तमान स्थिति, उन्हें लागू करने में आ रही समस्याओं और आगे की आवश्यक कार्रवाई के बारे में विस्तार से विचार-विमर्श किया। इन चर्चाओं के दौरान लिए गए फैसलों और निर्धारित कार्य बिंदुओं को विभागवार संकलित किया जाएगा, ताकि उन पर प्रभावी कार्रवाई और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, डॉ. सुमिता मिश्रा, श्रीमती जी. अनुपमा, श्री अनुराग अग्रवाल, श्री विजेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments