मुख्यमंत्री ने पूर्व सरपंच रणबीर सिंह के निधन पर परिवार को दी सांत्वना
कुरुक्षेत्र, 26 नवंबर 2026 (संजीव शर्मा): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता दीप सैनी के पिता पूर्व सरपंच रणबीर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उन्हें इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया और कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को ये दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीप सैनी व उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पिता का साया उठना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में सरकार और पूरा संगठन परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि दीप सैनी के पिता एक सरल, मिलनसार और सामाजिक भावना से ओत-प्रोत व्यक्ति थे। उन्होंने हमेशा समाज सेवा और परिवार के संस्कारों को सर्वोपरि रखा। उनके द्वारा दिए गए संस्कार और आदर्श परिवार को हमेशा मार्गदर्शन देते रहेंगे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, सैनी सभा के प्रधान एवं चेयरमैन गुरनाम सैनी, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।







