Wednesday, November 25, 2026
HomeHaryanaफतेहाबाद में पुलिस लाइन ग्राउंड पर धूमधाम से मनाया गया जिला स्तरीय...

फतेहाबाद में पुलिस लाइन ग्राउंड पर धूमधाम से मनाया गया जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने फहराया तिरंगा, परेड का निरीक्षण कर ली सलामी

झांकियों व परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को किया गया सम्मानित

फतेहाबाद, 26 जनवरी, 2026 (संजीव शर्मा) : जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह पुलिस लाइन ग्राउंड फतेहाबाद में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए तिरंगा फहराया और उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह से पहले डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने शहीदी स्मारक पर पहुंचकर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के बलिदान को राष्ट्र की प्रेरणा बताते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। जिला स्तरीय समारोह के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन व कार्यवाहक उपायुक्त अनुराग ढालिया के साथ परेड का निरीक्षण किया। इसके उपरांत उन्होंने पुलिस के जवानों, एनसीसी कैडेट्स एवं स्काउट्स की टुकडिय़ों की सलामी ली।

समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा पीटी शो, डंबल शो तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनकी दर्शकों ने खूब सराहना की। देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों ने माहौल को उत्साह और गौरव से भर दिया। कार्यक्रम में शहीदों के परिवारों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उल्लेखनीय कार्य करने वाले विभिन्न सरकारी विभागों के कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मान प्रदान किया गया।

अपने संबोधन में डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के रूप में अपनी पहचान बनाने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हमारे राजनेताओं, कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों और वैज्ञानिकों के सतत परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चहुंमुखी प्रगति कर रहा है तथा चंद्रयान, सूर्य-यान और मंगलयान जैसे मिशनों से भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छुआ है।

डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि हरियाणा ने भी सामाजिक-आर्थिक विकास को नए आयाम दिए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और प्रदेश के युवाओं में सेना में भर्ती होना गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि युद्ध के दौरान शहीद हुए हरियाणा के सैनिकों, अर्ध-सैनिक बलों के जवानों तथा अग्निवीरों की अनुग्रह राशि एक करोड़ रुपए कर दी गई है तथा अग्निवीरों के लिए सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।

मुख्य अतिथि ने पराली जलाने की समस्या के समाधान के लिए कैथल, कुरुक्षेत्र एवं फतेहाबाद में स्थापित बायोगैस परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि इनसे 49.8 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। उन्होंने बताया कि पराली प्रोत्साहन योजना के तहत किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन हेतु 412 करोड़ रुपए से अधिक की राशि वितरित की गई है। समारोह के अंत में झांकियों में प्रथम स्थान जन स्वास्थ्य विभाग, द्वितीय शिक्षा विभाग तथा तृतीय दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने प्राप्त किया। वहीं परेड में पुरुष पुलिस टुकड़ी प्रथम, महिला पुलिस टुकड़ी द्वितीय तथा सैनिक स्कूल बॉय विंग खारा खेड़ी तृतीय स्थान पर रही। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालय संयुक्त रूप से कार्यालय अधीक्षक राज कुमार व शिक्षक रमेश कुमार ने किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक दुड़ाराम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक अग्रवाल, एडीजे अमित गर्ग, नवेंद्र जैन, सीजेएम गायत्री, एसडीएम राजेश कुमार, सीटीएम गौरव गुप्ता, जिप सीईओ सुरेश कुमार, आरटीए संजय बिश्रोई, अशोक जाखड़, नप उपाध्यक्ष सविता टूटेजा, पूनम सिंगला, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड सचिव विंग कमांडर सुजाता, एसडीओ सतपाल रोज, नायब तहसीलदार विकास कुमार, डिप्टी सीएमओ मेजर डॉ. शरद तुली, डीईओ संगीता बिश्रोई, डीईईओ अनीता बाई, डीडीपीओ अनूप सिंह, डीडीए डॉ. राजेश सिहाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

संबंधित फोटो।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine
Google search engine

Most Popular

Recent Comments