वॉशिंगटन डीसी, 28 अप्रैल 2026:अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान द्वारा हाल ही में दिए गए प्रस्ताव को ठुकराने के संकेत दिए हैं। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रस्ताव में होरमुज जलडमरूमध्य में समुद्री आवाजाही बहाल करने की बात कही गई थी,जबकि परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मुद्दों को बाद के लिए टालने का सुझाव दिया गया था।
अमेरिकी प्रशासन को आशंका है कि बिना परमाणु कार्यक्रम पर ठोस समझौते के जलमार्ग खोलना, अमेरिका के कूटनीतिक दबाव को कमजोर कर सकता है। हालांकि, जलडमरूमध्य बंद रहने से ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी और ईंधन महंगाई का जोखिम भी बना हुआ है।विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने प्रस्ताव को पहले से बेहतर बताया, लेकिन ईरान की आंतरिक नेतृत्व स्थिति पर सवाल उठाए। वहीं, व्हाइट हाउस ने बातचीत को “संवेदनशील” बताते हुए सार्वजनिक रूप से अधिक जानकारी देने से इनकार किया है।
इस बीच,ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने व्लादिमीर पुतिन से मॉस्को में मुलाकात कर अमेरिका को वार्ता में गतिरोध के लिए जिम्मेदार ठहराया।फिलहाल दोनों देशों के बीच बैक-चैनल बातचीत जारी है, लेकिन किसी ठोस समझौते की संभावना अभी दूर नजर आ रही है।






