शहीद भगत सिंह, डॉ. जगतार और डॉ. हरिभजन सिंह पर विशेषांक प्रकाशित
पटियाला,13 मई 2026 : भाषा विभाग पंजाब की पंजाबी पत्रिकाओं ‘जन साहित्य’ और ‘पंजाबी दुनिया’ का प्रकाशन एक बार फिर नियमित रूप से शुरू हो गया है। विभाग के निदेशक जसवन्त सिंह जफर ने बताया कि पिछले लंबे समय से विभिन्न कारणों के चलते ये पत्रिकाएं समय पर प्रकाशित नहीं हो पा रही थीं। विभाग की टीम के प्रयासों से अब इनका प्रकाशन नियमित और समयबद्ध तरीके से शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पहले ये पत्रिकाएं पंजाब सरकार के प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी विभाग द्वारा छापी जाती थीं, लेकिन आपसी तालमेल, वित्तीय संसाधनों की कमी और अन्य कारणों से इनके प्रकाशन में देरी हो जाती थी। अब भाषा विभाग ने इनकी छपाई का कार्य स्वयं अपने हाथों में ले लिया है, जिससे समय पर प्रकाशन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
जसवंत सिंह ज़फर ने बताया कि विभागीय पत्रिकाओं की सामग्री में भी बदलाव किए गए हैं। विद्वान हस्तियों पर विशेषांकों की संख्या बढ़ाई गई है। इसके अलावा विभाग द्वारा आयोजित सेमिनारों, गोष्ठियों और विशेष व्याख्यानों में प्रस्तुत शोध पत्रों पर आधारित विशेषांक भी प्रकाशित किए जा रहे हैं, जिससे पत्रिकाओं की गुणवत्ता और पाठक वर्ग दोनों में वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रकाशित विशेषांकों में भगत सिंह,डॉ. जगतार और डॉ. हरिभजन सिंह पर आधारित विशेषांक शामिल हैं। जल्द ही ज्ञानी गुरमुख सिंह मुसाफिर और डॉ. गुरमेल कौर जोशी पर विशेषांक भी पाठकों तक पहुंचेंगे।
इन पत्रिकाओं के संपादक डॉ. संतोष सिंह सुख्खी ने बताया कि ‘जन साहित्य’ में सृजनात्मक साहित्य से संबंधित रचनाएं प्रकाशित की जाती हैं, जबकि ‘पंजाबी दुनिया’ में विभिन्न विषयों और हस्तियों पर शोधपरक लेख प्रकाशित होते हैं। उन्होंने लेखकों और शोधार्थियों से अधिक से अधिक रचनाएं और शोध पत्र भेजने की अपील भी की।
तस्वीर: भाषा विभाग द्वारा प्रकाशित नई पत्रिकाओं की झलक।