आगामी धान सीजन के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
पटियाला, 13 मई,2026 : पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने आज पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के पटियाला स्थित मुख्यालय में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में औपचारिक रूप से बिजली मंत्री के रूप में पदभार संभाला। इससे पहले उनके पास पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामले, श्रम, आतिथ्य तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभागों का प्रभार था।
पदभार ग्रहण करने के बाद बिजली मंत्री ने बिजली विभाग और पीएसपीसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें आगामी धान सीजन के दौरान किसानों को कम से कम 8 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सोंद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य के किसानों को बिना रुकावट बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाए, ताकि खेती संबंधी कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
तरुणप्रीत सिंह सोंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों के हितों की रक्षा और धान सीजन के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, क्योंकि यह राज्य की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली क्षेत्र को मजबूत बनाने और उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मौजूदा बिजली ढांचे की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में बिजली ढांचे के उन्नयन और रखरखाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि बिजली कटौती को कम किया जा सके और आपूर्ति की गुणवत्ता तथा विश्वसनीयता में सुधार हो। उन्होंने जहां आवश्यकता हो वहां ट्रांसफार्मरों, ट्रांसमिशन लाइनों और अन्य उपकरणों की समय पर बदली तथा क्षमता वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री ने बिजली आपूर्ति से संबंधित लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे और प्रभावी निगरानी व्यवस्था की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक मांग वाले सीजन के दौरान किसी भी समस्या के समाधान के लिए सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
तरुणप्रीत सिंह सोंद ने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता के तहत पंजाब सरकार घरेलू, कृषि और औद्योगिक उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं प्रदान करने तथा बिजली ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
बैठक के दौरान चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. बसंत गर्ग, डायरेक्टर डिस्ट्रीब्यूशन डॉ. इंदरपाल सिंह, डायरेक्टर फाइनेंस एस.के. बेरी, डायरेक्टर कमर्शियल इंजीनियर हर्षरण कौर त्रेहन, ट्रांसको के डायरेक्टर तकनीकी संजीव सूद और डायरेक्टर वित्त विनोद कुमार सहित पंजाब राज्य बिजली निगम इंजीनियर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी उनका स्वागत किया।